शादी के 5 घंटे बाद दुल्हन की मौत, जाने क्या हैं पूरा मामला

 

रामपुर में शादी के 5 घंटे बाद ही दुल्हन की मौत हो गई। 2 साल के अफेयर के बाद गुरुवार शाम को मंदिर में शादी हुई। इसके बाद वह ससुराल पहुंची। रात में उसकी तबीयत खराब हो गई। पति ने मायके वालों को इसकी सूचना दी। परिजन पहुंचे, तो नवविवाहिता की मौत हो चुकी थी। वह 7 महीने की प्रेग्नेंट भी थी। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति और ससुर को हिरासत में लिया है। मामला मिलक के गांव गहलुइया का है।

 केमरी इलाके के गदइया पजावा गांव में 19 साल की राजेश्वरी रहती थी। उसका फुफेरा भाई है रवि, जिससे उसकी शादी हुई थी। इस वजह से गदइया पजावा गांव रवि की ननिहाल थी। वह ढाई साल पहले कोई काम नहीं करता था और बेरोजगार था। इसी वजह से अपने मामा के यहां आया था। मामा ने रवि को गांव में ही परचून की दुकान खोलने की सलाह दी। रवि ने उनका कहना मानते हुए दुकान खोल ली। साथ ही वह ननिहाल वाले घर में मामा-मामी के साथ रहने भी लगा। साथ रहने के दौरान रवि का राजेश्वरी की तरफ झुकाव हो गया। धीरे-धीरे उनके बीच अफेयर शुरू हो गया।

प्रेग्नेंट होने पर खुला राज
समय बीतने के साथ उनके बीच शारीरिक संबंध भी बन गए। इस दौरान राजेश्वरी प्रेग्नेंट हो गई। मगर, घर में उसने किसी को इस बारे में नहीं बताया। इस बीच दोनों ने कई बार शादी भी करने की सोची, लेकिन दोनों घरवालों को सच बताने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे।
मगर, प्रेग्नेंट होने का राज ज्यादा दिन तक छिप नहीं सका। राजेश्वरी में हो रहे शारीरिक बदलाव उसकी मां से छिप नहीं सके। मां को इसका पता चलने के बाद पूरे घर में शोर मच गया। इसके बाद राजेश्वरी ने घरवालों को पूरी सच्चाई बता दी। साथ ही रवि से शादी कराने की बात भी कही।

पहले तो दोनों के घरवालों ने उनकी बात मानने से इंकार कर दिया। मगर, फिर लोक-लाज के डर से उन्हें मानना पड़ा। इसके बाद गुरुवार शाम 4 बजे रठौंडा मंदिर में दोनों की शादी हुई। इसमें दोनों के रिश्तेदारों के अलावा ग्रामीण भी पहुंचे।

लड़की के घरवालों ने बताया, “रात 9 बजे पति रवि का फोन आया। उसने बताया कि राजेश्वरी की तबीयत खराब है, उसे लेकर अस्पताल जा रहे हैं। इसके कुछ देर बाद रवि का फिर फोन आया। उसने बताया कि मैं राजेश्वरी को लेकर रठौंडा चौराहे पर एक डॉक्टर के पास पहुंचा था। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।”

पति और ससुर हिरासत में
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया, “मृतका के परिजनों की तहरीर पर उसके पति, ससुर और चचिया ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ के लिए पति और ससुर को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reply

Your email address will not be published.