पत्नी-बच्चों की जिद ने रिटायर्ड फौजी को बनाया हत्यारा, पढ़े पूरी ख़बर

 

इंदौर के महू में TV मैकेनिक की हत्या का आरोपी रिटायर्ड फौजी तनाव में था। उसकी TV दो महीने से मैकेनिक के पास पड़ी थी। वो उसे बार-बार चक्कर कटवा रहा था। घर पर रिटायर्ड फौजी का पत्नी के साथ आए दिन झगड़ा हो रहा था। 8 साल का बेटा भी परेशान करता था। इसी गुस्से में रिटायर्ड फौजी मैकेनिक की दुकान पर पहुंचा और उस पर बंदूक तान दी। मैकेनिक बोला- मार देगा क्या? आरोपी का जवाब था हां …और उसने तड़ातड़ चार फायर कर दिए।

मैकेनिक के सिर में दो गोली लगी। वो दुकान पर ही ढेर हो गया। घटना के वक्त उसकी मां मौके पर ही थी। बेटे को खून से लथपथ देख मां बेहोश हो गई। एडिशनल एसपी ऑफिस में सरेंडर के बाद आरोपी ने खुद कहा था- मैं स्ट्रेस में था…।

पढ़िए, दिनदहाड़े हुए मर्डर की इनसाइड स्टोरी
महू का गोकुलगंज इलाका। मंगलवार शाम के चार बज रहे थे। आरोपी जयदीप परिहार टीवी मैकेनिक नीलेश उर्फ नीलू अग्रवाल की शॉप पर पहुंचा। वह एक्टिवा से आया था। शॉप पर नीलू की मां उषा अग्रवाल से बात करने लगा। इतने में नीलू भी दुकान पर आ गया। दुकान घर में ही है। नीलू को देखते ही आरोपी ने लाइसेंसी गन निकालकर तान दी। मां उषा कुछ समझ पाती, उसने एक साथ चार फायर कर दिए। नीलू की मां बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी एक्टिवा से भाग निकला।

हत्या के बाद पत्नी को फोन लगाकर बोला- मार दिया
मैकेनिक की हत्या के बाद आरोपी ने सबसे पहले पत्नी को फोन लगाया। बोला- टीवी वाले को मार दिया, तू एडिशनल एसपी ऑफिस आ जा। पत्नी एडिशनल एसपी ऑफिस पहुंची। उसने पति से कहा कि आपने टीवी को लेकर घर बर्बाद कर दिया। इसके बाद वहां से 8 साल के बेटे को लेकर निकल गई।

नीलू की पत्नी बोलीं- 16 दिन से बीमार थे
नीलू की पत्नी का कहना है कि पति की 16 दिन से तबीयत खराब थी। हमारे 7 और 8 साल के बेटा-बेटी हैं। हमारी क्या गलती थी…। नीलू के बड़े भाई विकास ने बताया कि रविवार को नीलू ने दुकान खोली थी। इस दौरान आरोपी से फोन पर उसकी बहस हो गई। उसने दुकान पर आकर छोटे भाई को गोली मार दी।

गोलियों की आवाज सुन घबरा गए पड़ोसी
नीलू की दुकान के सामने ही मीणा रहती हैं। उन्होंने बताया कि मैंने आरोपी को एक्टिवा से आते देखा था। इसके बाद मैं गार्डन में झाड़ियां काटने में बिजी हो गई। अचानक गोलियों की आवाज सुनी और देखा तो तब तक आरोपी भाग चुका था। मैं घबराकर घर के अंदर आ गईं।

देर रात तक चलती रही जांच
मंगलवार रात 8 बजे तक ग्रामीण एसपी भगवत सिंह, एडिशनल एसपी शशिकांत कनकने, डीएसपी दिलीप चौधरी, कोतवाली टीआई महेंद्र सिंह भदोरिया सहित फॉरेंसिक विभाग की टीम जांच में जुटी रही। मौके की फोटोग्राफी कर चलाई गई गोली के खोल बरामद किए।

इंदौर में रिटायर्ड फौजी ने सोमवार को TV मैकेनिक की गोली मारकर हत्या कर दी। उसने दुकान पर बैठे मैकेनिक पर चार गोलियां चलाईं। इसके बाद खुद एक्टिवा से एडीशनल SP ऑफिस पहुंचकर सरेंडर किया। मैकेनिक बार-बार कहने के बाद भी टीवी सुधारकर नहीं दे रहा था। इससे आरोपी नाराज था। ​​​​​

Leave A Reply

Your email address will not be published.