10 लाख का चूहा चोरी, ढूंढ रही पुलिस, भतीजे पर आरोप

 

 

राजस्थान में जेवरात-नगदी, वाहन के साथ ही गाय-भैंस,बकरी, भेड़ चोरी के केस सामने आते रहे हैं। महंगे कबूतर, तोता और कुत्ते भी चोरों के निशाने पर रहे हैं। अब तो चोरों तो हद ही कर दी! एक पशुपालक ने अपना चूहा चोरी हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस दिलचस्प और अनोखे मामले को सुलझाने में पुलिस ने भी ताकत लगा दी है।

मामला बांसवाड़ा जिले का है। पाडजा वडखिया गांव के रहने वाले पशुपालक मंगू (62) पुत्र जीवला खिहुरी चूहे को अपने परिवार के मेंबर की तरह मानते थे। उसके पोता-पोती भी उसके साथ खेलते थे और खाने-पीने का इंतजाम करते थे। इस बीच 28 सितंबर की रात करीब 2 बजे वह चोरी हो गया।

एक साल से साथ में रह रहा था
मंगू ने बताया कि वह भेड़-बकरी पालते हैं। साल भर पहले जंगल में जानवरों को घुमाने लेकर गए थे। इस दौरान एक चूहा तड़पता हुआ मिला। उसे उठाकर घर लेकर आया और घाव पर मरहम लगाया। यह झाऊ प्रजाति का चूहा था। पशुपालक ने बताया कि तब से झाऊ हमारे साथ रह रहा था।

भतीजे पर चोरी का आरोप
मंगू सिंह ने बताया कि काले रंग के चूहे का वजन 700 ग्राम था। झाऊ प्रजाति के इस चूहे के शरीर पर कांटे होते हैं। कुछ दिन पहले भतीजा सुरेश पुत्र मोगा खिहूरी अपने दोस्त मोहित पुत्र देवदास खिहूरी और अरविंद पुत्र बदिया खिहूरी के साथ घर आया था। उसने चूहे के बारे में पूछताछ की साथ ही वजन भी कराया था। तब कुछ समझ नहीं आया। बाद में पता चला कि चूहे को चोरी कर भरत निवासी जीवा खूंटा को बेच दिया।

पुलिस तलाश में जुटी
सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि पशुपालक ने चूहा चोरी का मामला दर्ज कराया है। उसने अपने भतीजे और उसके दोस्तों पर चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने भी चूहा चोरी का केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि चूहे की कीमत करीब 10 लाख रुपए तक होती है। संभवत: रुपयों के लालच में चोरी कर बेचा गया हो।

राजस्थान में चूहा चोरी का पहला मामला
राजस्थान में चूहा चोरी होने का संभवत: यह पहला मामला है। पहले पशुओं या पक्षियों के चोरी होने के कई मामले सामने आए हैं। लाखों-करोड़ों रुपए के गहने, नगदी और अन्य लग्जरी सामान के साथ ही जानवरों पर भी चोरों की निगाह रहती है।

गाय, भैंस, बकरी, भेड़ जैसे दूधारू पशुओं के साथ ही कबूतर और तोता चोरी के भी केस हुए हैं। और अब चूहे को भी चोरों ने नहीं बक्शा है। पुलिस में बकायदा ऐसे मामले दर्ज हुए हैं। कई मामलों में मालिकों ने पता लगाने वाले के लिए इनाम देने की घोषणा भी करते हैं। आज हम आपको ऐसे ही रोचक किस्सों के बारे में बताते है…

मंत्री राठौड़ का चार्ली लापता
8 साल पहले वर्तमान प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़ का वीगल ब्रीड का कुत्ता भी चोरी हो गया था। उसका नाम चार्ली था। चार्ली सरकारी बंगले से चोरी हुआ था। पुलिस के बड़े अधिकारी तक चार्ली को ढूंढने में लगे थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.