शहीद के अंतिम दर्शन को उमड़ पड़ा जनसैलाब – केंद्रीय राज्यमंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से दी विदाई

फतेहपुर। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के द्रौपदी डांडा-2 में तैनात जनपद निवासी सेना के जवान शुभम सिंह की हादसे के दौरान वीरगति प्राप्त होने के पश्चात जनपद पहुंचे शव के अंतिम दर्शन को केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति समेत जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अमले के साथ जनसैलाब उमड़ पड़ा। जवानों की टुकड़ी ने वाहन से शहीद के तिरंगे में लिपटे शव को कांधा देकर उतारा तत्पश्चात सेना की मातमी धुन के बीच शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर देकर नाम आंखों से अंतिम विदाई दी गयी।
जनपद के बिंदकी तहसील के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मौहार गांव निवासी शुभम सिंह उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के द्रौपदी डांडा-2 में सेना के छठवीं पैरा एसएफ में कमांडिंग ऑफिसर पद पर तैनात थे। तीन दिन पूर्व एवलांच के हादसे में कर्तव्य निभाने के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गये थे। परिजनों को शुभम सिंह के शहीद होने की जानकारी मिली तो पूरा गांव चीत्कार से गूंज उठा। मंगलवार को सेना के जवान शव लेकर पैतृक गांव पहुँचे तो पूरा गांव शोक में डूबा हुआ था। शहीद के अंतिम दर्शन करने को केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरजंन ज्योति, बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र पटेल, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, जिलाधिकारी श्रुति, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार पाठक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी बिंदकी मंजू वर्मा, पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक, सुरेंद्र सिंह गौतम, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेयी, जितेंद्र सिंह गौतम उर्फ जीतू तथा अन्य सभी ने पुष्प चक्र अर्पित कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सेना के जवानों के द्वारा मातमी धुन के बीच गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया व राजकीय सम्मान के साथ नम आंखों से शहीद जवान शुभम सिंह को अंतिम विदाई दी गई।
इनसेट-
अंतिम दर्शन को सुबह से जुटे लोग
फतेहपुर। सेना के शहीद जवान के अंतिम दर्शन के लिये लोग भोर से ही एकत्र थे जैसे ही तिरंगे में लिपटा हुआ शहीद का शव लेकर सेना का ट्रक पंहुचा शहीद के अंतिम दर्शन को लोग उमड़ पड़े। इस दौरान माहौल गमगीन रहा लोग अपने आंसुओ को बहने से रोक नही सके।
इनसेट-
परिवार को 50 लाख की चेक व शहीद के नाम पर होगी एक सड़क
फतेहपुर। सेना के जवान की वीरगति की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद शुभम सिंह को श्रद्धांजलि दी। साथ ही दिवंगत सैनिक शुभम सिंह के परिजनों को 50 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा अंतिम दर्शन के पश्चात परिजनों को आर्थिक सहायता 50 लाख का चेक सौंपा गया। इस दौरन केंद्रीय मंत्री ने सैनिक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी एवं दिवंगत शहीद सैनिक शुभम सिंह के नामपर एक सड़क के नामकरण की घोषणा की।
इनसेट-
2018 में सेना में हुआ था शामिल
फतेहपुर। शुभम सिंह सेना में 2018 को नियुक्त हुए थे, जो 6 पैरा आगरा रेजिमेंट में पैरा कमांडो लांसनायक पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के द्रौपदी डांडा-2 में पैरा ट्रूपर तैनात थे। चार अक्टूबर को हिमस्खलन में लापता हुए थे। मात्र चार साल की सेवा में वीरगति को प्राप्त कर अद्भ्य वीरता के ज़रिए सदा के लिये अमर हो गये।
इनसेट-
प्रशिक्षण से लौटते समय हादसे का हुए शिकार
फतेहपुर। शहीद शुभम सिंह विगत दिनों नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिये गये हुए थे। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात वापस लौट रहे थे तभी हादसा हो गया। हिमस्खलन में लापता हुए थे, बाद में उनके शहीद होने की सूचना परिजनों को मिली।

Leave A Reply

Your email address will not be published.