अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला के पेट से निकाली 5 किलो की रसौली

 

 

हरियाणा के अंबाला कैंट में सिविल अस्पताल की डॉक्टर ने सर्जरी करके महिला के पेट से 5 किलो की रसौली निकाली है। हैरानी की बात यह है कि 42 वर्षीय महिला पिछले 2 साल से रसौली पेट में लेकर घूम रही थी। महिला को सर्जिकल वार्ड में एडमिट करके डॉ. नम्रता ने अपनी निगरानी में रखा है।

डॉ. नम्रता के मुताबिक, प्राइवेट अस्पताल में इस सर्जरी पर 1 लाख रुपए से अधिक खर्च होता, लेकिन सिविल में फ्री सर्जरी की गई है। बताया गया कि अंबाला के गांव पंजेल निवासी कृष्णा देवी का पेट फूलने लगा। धीरे-धीरे लगातार बड़ी हो रही रसौली की वजह से पेशाब में रूकावट हो गई।

महिला ने बताया कि पहले किसी नजदीक के डॉक्टर से इलाज कराया, लेकिन कोई आराम नहीं हुआ। इसके पश्चात महिला सिविल अस्पताल अंबाला कैंट के गायनी विभाग में जांच कराने पहुंची तो यहां गायनी स्पेशलिस्ट डॉक्टर नम्रता ने इलाज शुरू किया।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद निकाली रसौली

डॉक्टर नम्रता ने बताया कि सर्जरी से पहले महिला की सभी जरूरी जांच की गई। इसके बाद ही सर्जरी करने का फैसला लिया। 5 किलो की रसौली को निकाला काफी चुनौती भरा रहा, लेकिन उनकी टीम ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सफल सर्जरी करके रसौली को बाहर निकाला। महिला खतरे से बाहर है और निगरानी के लिए उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है।

महिला बोली- मुझे लगता था पेट में कुछ है, लेकिन जांच नहीं कराई

अस्पताल में उपचाराधीन कृष्णा ने बताया कि उन्हें पिछले 2 साल से ऐसा लगता था कि पेट में कुछ है, लेकिन कभी दर्द न होने की वजह से जांच नहीं कराई। पेट में हाथ लगाने पर रसौली घूमती थी। जैसे-जैसे रसौली का साइज बढ़ता गया तो पेट फूलने लगा। पेशाब आना बंद हो गया। उसने कई डॉक्टरों से पहले जांच भी कराई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आखिर में उसने सिविल अस्पताल पहुंच सर्जरी करानी पड़ी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.