किसानों ने अधिकारियों को सुनाया दुखड़ा, मिला आश्वासन – किसान दिवस में आने वाली समस्याओं का करें त्वरित निस्तारण: एडीएम

फतेहपुर। विकास भवन सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्तर एवं राजस्व विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें उप कृषि निदेशक ने फसल अवशेष न जलाये जाने एवं फसल बीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी कृषकों को उपलब्ध कराई। कृषकों ने अधिकारियों के समक्ष अन्ना जानवरों की समस्या प्रमुखता से रखी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायतों पर गौशाला की स्थापना हेतु शासन स्तर से कार्यवाही प्रस्तावित है। शीघ्र ही गौशालाओं का न्याय पंचायत स्तर पर निर्माण कराकर समस्या का निदान किया जायेगा।
विकास खंड खागा एवं विकास खंड विजयीपुर के सरौली में नवीन गौशाला का निर्माण हो रहा है। यमुना नदी के किनारे उप जिलाधिकारी खागा ने लगभग 2000-3000 पशु क्षमता की भूमि का चिन्हांकन कर भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव विभाग को दिया है। जिसकी स्वीकृति हेतु प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को प्रेषित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। कृषकों ने जनपद की प्रत्येक समितियों पर डीएपी उर्वरक की उपलब्धता किये जाने हेतु आहवान किया। जिस पर अपर जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त सहायक निबंधक सहकारिता को तत्काल उर्वरक उपलब्धता किये जाने के निर्देश दिये। भारतीय किसान यूनियन के खजुहा ब्लाक अध्यक्ष अंगद सिंह ने शिकायत किया कि पशु अस्पताल के समीप लगा विद्युत पोल रास्ते में है। जिसे मार्ग से दो फिट पीछे किया जाये। जिससे राहगीरों की निकलने की समस्या से निजात मिल सके। किसान यूनियन के हस्वा ब्लाक अध्यक्ष शिवधेश मौर्या ने थरियांव पावर हाउस में मंडासरांय फीडर से थरियांव गांव तक की विद्युत लाइन को जमीन से एक या दो फुट ऊंची किये जाने का अनुरोध किया। प्रचार मंत्री सुखीराम ने तहसील बिन्दकी के मोहल्ला आदर्श नगर (कुंवरपुर रोड) कस्बा बिन्दकी के घनी आबादी के ऊपर से 33000 वाट की विद्युत लाइन के ढीले तारों को सही करने के साथ उक्त स्थान से हटाने जाने का अनुरोध किया। समस्या के तत्काल निराकरण हेतु अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को निर्देश दिये गये। ग्राम सरांय सईद खां पोस्ट बिलंदा के सर्वेश कुमार ने शिकायत किया कि ग्राम व इसके समीपवर्ती ग्रामों में असमय हुई अतिवृष्टि से क्षति हुई धान की फसल का फसल बीमा योजना के अर्न्तगत क्षतिपूर्ति दिलाई जाए। समस्या के निराकरण हेतु बीमा कम्पनी के जिला कोआर्डिनेटर को वास्तविक सर्वे करने के साथ तत्काल क्षतिपूर्ति दिलाये जाने के निर्देश दिये गये। बाबू सिंह निवासी ग्राम कोराई ने ग्राम बेर्राव के राजकीय नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर का संबंधित ग्राम प्रधान द्वारा निजी रूप से उपयोग को रोकने का आहवान किया। समस्या के निराकरण हेतु अधिशाषी अभियंता नलकूप को निर्देश दिये। इस मौके पर उप कृषि निदेशक, परियोजना निदेशक/जिला विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत, अधिशाषी अभियंता विद्युत, अधिशाषी अभियंता सिंचाई प्रखण्ड एवं निचली गंगा नहर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राज कुमार सिंह गौतम भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.