बाढ़ और भूस्खलन से 72 लोगों की मौत, 33 घायल और 14 लापता

 

 

फिलीपींस के एक दक्षिणी प्रांत में भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन से 72 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही करीब 14 लोग लापता और 33 लोग घायल हैं। बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, इससे लोग अपने घरों में फंस गए हैं। पहले बारिश और भूस्खलन से मांगे गए लोगों की संख्या 45 बताई गई थी। बाद में नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में गई टीम ने रिपोर्टिंग में गलती की थी। इसकी वजह से मौतों की गणना दोबारा की गई। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा प्रमुख राफेलिटो एलेजांद्रो ने इसकी पुष्टि की है।

कई इलाकों तक नहीं पहुंची मदद
5 मुस्लिम स्वायत्त प्रांतों के गृह मंत्री नगुइब सिनारिम्बो के मुताबिक, मैगुइन्डानाओ प्रांत के 3 शहर इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हैं। यहां बाढ़ और मलबे में दबने से सबसे ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि पूरी रात भारी बारिश की वजह से पानी मलबे के साथ नदियों में आया है। इसके चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है, कुछ इलाके हैं जहां तक हम अभी भी नहीं पहुंच पाए हैं।

नालगेई तूफान है बारिश की वजह
मौसम विभाग का कहना है कि तूफान नालगेई के चलते इलाके में भारी बारिश हो रही है। आज यानि शनिवार को इसके पूर्वी तट के इलाके से टकराने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिक सैम दुरान के मुताबिक 28 अक्टूबर की दोपहर उत्तरी समर प्रांत के पूर्वी शहर काटरमैन से 180 किलोमीटर दूर था। यह तूफान तेजी से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, इससे 85 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
फिलीपींस हर साल आते हैं करीब 20 तूफान
बता दें कि फिलीपींस हर साल 20 भयंकर तूफानों का सामना करता है। पिछले साल दिसंबर में फिलीपींस में राय तूफान आया था। जिसमें करीब 208 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 4 लाख लोग प्रभावित हुए थे। वहीं, अप्रैल 2022 में यहां मेगी तूफान ने तबाही मचाई। इससे 42 लोगों की मौत हो गई और 17 हजार लोग बेघर हो गए थे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.