जिससे भागकर शादी की उसी को पेट्रोल डालकर जलाया, पत्नी की हालत गंभीर, सास को जिंदा जलाकर मार डाला

 

 

सहारनपुर में शनिवार तड़के एक युवक ने सोते समय पत्नी और सास पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।हादसे में सास पायल (42) की जलकर मौत हो गई, जबकि पत्नी रितिका (18) की हालत गंभीर है। दोनों ने दो साल पहले भागकर शादी की थी। पत्नी विवाद के बाद मायके आ गई थी। उसी को ले जाने के लिए शामली से पति सहारनपुर में ससुराल आया था।

रोज के लड़ाई-झगड़े से आजिज पत्नी पति के साथ जाने को राजी नहीं थी। पति नितिन ने दोनों को जिंदा जलाने की कोशिश की। घटना कृष्णा धाम कॉलोनी की है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

दो साल पहले दोनों ने भागकर शादी की थी
रितिका ने बताया, “दो साल पहले दोनों ने भागकर शादी की थी। अभी मुझे कोई संतान नहीं है। पति का प्रेम-प्रसंग किसी अन्य महिला के साथ चल रहा है। इस वजह से सितंबर में मैं मायके आ गई। मुझे ले जाने के लिए पति बार-बार कॉल कर रहा था। लेकिन, मैं ससुराल नहीं गई। करीब 10 दिन पहले नितिन मेरे पास अपनी ससुराल आ गया।”

रितिका ने बताया, “मुझे बार-बार मायके से ससुराल चलने के लिए कह रहे थे। 28 अक्टूबर को नितिन की मां बिंदर और देवर आकाश घर पहुंचे थे। दोनों पक्षों में सहमति भी बन गई थी। लड़के के परिजन अपने घर वापस लौट गए थे। मैंने कहा कि मेरी मां की तबीयत खराब थी। जिस कारण 3 नवंबर को ससुराल जाने की बात कही, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग मानने को तैयार नहीं थे।”

लड़की की सास बोली- दोनों को जिंदा जला दे, बाकी मैं देख लूंगी
रितिका का कहना है कि शुक्रवार को बात हो गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग मानने को तैयार नहीं थे। आरोप है कि शुक्रवार की रात को सास बिंदर ने धमकी दी थी कि इन दोनों को निपटा दे, बाकी मैं देख लूंगी। आरोप है कि रितिका और उसकी मां पायल शनिवार की सुबह साढ़े चार बजे सो रही थीं। तभी उसका पति अपनी कार से पेट्रोल लेकर आया। सोते समय पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

मृतक सास 7 माह की गर्भवती थी
आसपास के लोगों का कहना है कि मृतक पायल 7 माह की गर्भवती थी। उसका पति किसी मामले में हरियाणा में जेल में बंद है। 3 नवंबर को पति को जेल से छूटकर आना था। इस वजह से रितिका 3 नवंबर या उसके बाद ससुराल जाने की बात कह रही थी।

पति भी झुलसा
थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर अवनीश गौतम का कहना है कि युवक ने पत्नी और सास पर पेट्रोल डालकर आग लगाई है। उसकी सास की मौत हो गई है। जबकि पत्नी की हालत नाजुक है। जिला अस्पताल में भर्ती है। हादसे में पति नितिन भी झुलसा है। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.