प्रेमी ने मांगा दहेज तो प्रेमिका ने दी जान, प्रेमी बोला- मां को 10 लाख दो और शादी करो, प्रेमिका ने अलविदा लिखकर लगाई फांसी

 

 

पीलीभीत में एक प्रेमी ने प्रेमिका के घरवालों से उनकी बेटी से शादी करने के लिए 10 लाख रुपए मांगे। जब घरवालों ने इतने पैसे देने से मना कर दिया तो प्रेमी ने शादी करने से इनकार कर दिया। उसने प्रेमिका से बात करना भी बंद कर दिया। इस बात से परेशान होकर प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली।

बता दें, प्रेमिका ने 27 अक्टूबर को सुसाइड किया था। उसके घरवाले 19 अक्टूबर को रिश्ते की बात करने प्रेमी के घर गए थे। जहां लड़के की मां ने पैसे न देने पर शादी करने से मना कर दिया था। मामला जहानाबाद थाना क्षेत्र के बझेड़ा गांव का है।

3 साल से चल रहा था कविता और अमित का अफेयर
प्रेमिका कविता (21 वर्ष) और अमित (23 वर्ष) का 3 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों एक दूसरे से शादी भी करना चाहते थे। बताया जा रहा है लड़की के घरवालों को उसके अफेयर के बारे में पता चल गया था। दोनों एक ही जाति के थे इसलिए शादी के लिए सभी तैयार हो गए थे। परिवार के लोगों का कहना है कि पहले अमित के घरवालों ने 5 लाख रुपए मांगे थे। तब हम लोगों ने इतना पैसा देने के लिए हां कर दी थी। बाद में उन लोगों ने अचानक इतनी लंबी मांग कर दी।

कविता ने अमित को बहुत फोन मिलाया, लेकिन वो नहीं माना
वहीं कविता की मौसी ने बताया, “हमें दोनों के रिश्ते के बारे में थोड़ी जानकारी थी। दीदी ने मुझे अमित के घर चलने के लिए बुलाया था। जब हम लोग अमित के घर गए, तो उसकी मां सही से बात भी नहीं कर रही थी। मैंने ये बातें कविता को भी बताई थी जिससे वो बहुत दुखी हो गई थी। उसने अमित को फोन मिलाया तो उसने बात नहीं की।”

कविता ने अमित से फोन पर कहा, “तुम बात नहीं करोगे तो मैं मर जाऊंगी। जिस पर अमित ने उससे कहा, तुमको मरना है तो मरो लेकिन मैं मां के कहने पर ही शादी करूंगा। 10 लाख रुपए दे दो तो आज ही शादी कर लूंगा। अमित कविता के बार-बार कहने पर भी नहीं मान रहा था। उसने उसको कई सारे मैसेज भी किए, लेकिन वो नहीं माना। जिसके बाद कविता ने अमित को अलविदा का मैसेज करके फांसी लगा ली।”

बेटी की इच्छा थी इसलिए 5 लाख दे रहा था- पिता
कविता के पिता गंगाराम का कहना है, “मैं मेहनत मजदूरी करके घर का खर्चा चलाता हूं। घर की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। बेटी की इच्छा थी इसलिए शादी में 5 लाख देने के लिए राजी हो गया था। रिश्तेदारों से उधारी लेकर रकम पूरी करता। थोड़ी जमीन भी बेच देता।

5 लाख के अलावा शादी के और खर्च भी थे उसे भी पूरा करना होता इसलिए 10 लाख देने से मना कर दिया था। लेकिन, उन लोगों को हम लोगों की हालत पर तरस नहीं आया। जिससे मेरी बेटी ने प्यार किया वही उसकी मौत का कारण बन गया।”

अमित पर कविता को सुसाइड के लिए उकसाने का लगा आरोप
मामले पर सीओ जहानाबाद सतीश शुक्ला ने बताया कि परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। अमित पर कविता को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.