रन फार यूनिटी में दौड़े पुलिस कर्मी – प्रथम पांच में स्थान बनाने वाले प्रतिभागियों को मिला सम्मान

फतेहपुर। अखंड भारत के निर्माता, स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में रन फार यूनिटी का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिला व पुरूष आरक्षियों ने हिस्सा लिया। प्रथम पांच में स्थान बनाने वाले प्रतिभागियों को एसपी ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
रन फार यूनिटी की तैयारियां पुलिस लाइन प्रांगण में पहले ही पूरी कर ली गई थीं। निर्धारित समय पर दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें रिजर्व पुलिस, पुलिस कार्यालय में नियुक्त कर्मी, क्षेत्राधिकारी लाइन व यातायात प्रगति यादव, अपर पुलिस अधीक्षक अनिरूद्ध कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नगर वीर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक थरियांव के अलावा महिला व पुरूष आरक्षियों ने प्रतिभाग किया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रथम पांच में स्थान बनाने वाले आरक्षी राहुल, सूरज अग्रवाल, अवधेश कुमार, महिला आरक्षी निकिता सिंह व प्रिया को एसपी ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि प्रतियोगिताओं का आयोजन पुलिस विभाग में समय-समय पर किया जाता है। प्रतियोगिताओं ने पुलिस कर्मियों का शरीर स्वस्थ रहता है। इसलिए सभी को प्रतियोगिताओं में हिस्सा अवश्य लेना चाहिए। इस मौके पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.