जल्द शुरू होगी एनपीएस भारत छोड़ो रथ यात्रा – अटेवा पेंशन बचाओ मंच की जिला व ब्लाक कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक आयोजित – सदस्यता अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले साथियों को किया सम्मानित

फतेहपुर। शहर के रानी कालोनी स्थित विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में अटेवा पेंशन बचाओ मंच की जिला एवं ब्लाक कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक जिला संयोजक निधान सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी से मिले निर्देशों को साझा किया। बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सहमति के बाद एनपीएस भारत छोड़ो रथ यात्रा शुरू की जा सकती है। बैठक में सहयोग एवं सदस्यता अभियान के लिए जिन साथियों ने सक्रिय योगदान किया उनको सम्मानित किया गया।
जिलाध्यक्ष ने समस्त ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर के सक्रिय साथी ही इस संगठन की जड़ हैं। इसी उद्देश्य से ब्लॉक के सदस्यों एवं पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। जिला महामंत्री महेंद्र मौर्या ने संचालन व कोषाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय ने सदस्यता एवं सहयोग की समीक्षा की। सदस्यता के क्रम में हथगांव ब्लॉक पूरे जिले में नंबर एक पर रहा और यह ब्लॉक प्रदेश स्तर पर भी प्रथम स्थान पर रहा। पिछले 8 नवंबर को प्रदेश कार्यकारिणी में हुई। जिसमें जनपद को पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ सदस्यता करने के कारण सम्मानित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने आवाहन किया कि सभी जिलों के पदाधिकारी अपने अपने जिले में पेंशन मुहिम के लिए और तेजी लाएं। जिला सोशल मीडिया प्रभारी अरविंद विश्वकर्मा ने कहा कि पेंशन विहीन को ज्यादा से ज्यादा सोशल मीडिया फेसबुक ट्विटर इंस्टाग्राम का प्रयोग करके अपनी मांग को हाईलाइट करना चाहिए क्योंकि हमारे पास सोशल मीडिया ही अपनी बात कहने का सबसे सशक्त माध्यम है।.जिला उपाध्यक्ष एवं पंचायती राज विभाग के जिलाध्यक्ष बाबूलाल पाल ने कहा कि संगठन पेंशन मुहिम के लिए सदैव अटेवा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलता रहेगा। स्वास्थ विभाग के महामंत्री हेमचन्द्र चौधरी ने लोगों से आवाहन किया कि आंदोलन को और तीव्र करने की आवश्यकता है। बिजली विभाग से जिला संगठन मंत्री राकेश सिंह विद्युत विभाग के लोगों से कहा कि सभी लोग मिलकर इस मुहिम को बढाएं क्योंकि अकेले-अकेले हम लड़ाई लड़ते हैं तो कभी जीतने की सोच भी नहीं सकते। आज राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं पंजाब में पुरानी पेंशन पुनः बहाल हो सकी है। विश्वास है कि 2024 के पहले पूरे देश के कर्मचारियों को प्रधानमंत्री मोदी पुरानी पेंशन बहाली का तोहफा देंगे। बैठक में पंचायती राज स्वास्थ्य विभाग प्राथमिक शिक्षक माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं सिंचाई विभाग और कृषि विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस मौके पर सुभाष सिंह, राकेश वर्मा, राजीव कुमार, राजीव कुमार सिंह, आशीष उत्तम, अरविंद विश्वकर्मा, सुधीर सिंह यादव, राजेश सिंह, हेमचंद्र चौधरी, अजय सिंह, ध्यान सिंह, मीनाक्षी, शालिनी शर्मा, अर्चना द्विवेदी, विनीता मौर्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.