भाकियू की बैठक में उठीं किसानों की समस्याएं

फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक में क्षेत्रीय किसानों की समस्याएं प्रमुखता से उठाई गई। सभी समस्याओं के निस्तारण की जिला प्रशासन से आवाज बुलंद की गई। नेताओं का कहना रहा कि किसानों की समस्याएं निस्तारित न होने की दशा में आंदोलन के लिए संगठन विवश हो जायेगा।
नहर कालोनी प्रांगण में संगठन की बैठक जिलाध्यक्ष अशोक उत्तम पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने शिरकत की। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के किसानों की कई प्रमुख समस्याएं हैं। जिनका निराकरण होना बेहद जरूरी है। जिले में डाई अमोनिया फास्फेट खाद नही है। प्राइवेट दुकानों में पंद्रह सौ रूपये में डीएपी की बिक्री की जा रही है। बताया कि धान क्रय केदं्रों पर धान खरीद पर दस किलो कटौती व हाईब्रिड धान पर पंद्रह किलो की कटौती की जा रही है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कल्यानपुर रोड पर क्रासिंग हेतु नेशनल हाईवे-2 पर पुल की व्यवस्था नहीं है। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में तमाम कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। नऊवाबाग के पास नेशनल हाईवे-2 पर बनी पुलिया ऊंची होने के कारण पानी का बहाव रूक गया है। जिससे किसानों की धान की फसल का काफी नुकसान हुआ है। नाले पर अवैध निर्माण होने से गेहूं की बुआई भी बाधित हो रही है। बिंदकी कस्बे में विद्युत वितरण खंड द्वितीय का कार्यालय न होने से किसानों को दूर जाना पड़ता है। निजी गंगा नहर के सहायक अभियंता का कार्यालय परादान कोठी में संचालित होना चाहिए। डीएपी खाद की बिक्री अधिक मूल्य पर हो रही है। जिस पर लगाम लगनी जरूरी है। बिंदकी नगर में पैगंबरपुर मुहल्ला में अवैध रूप से गर्भपात केंद्र संचालित हो रहा है। जिसे तत्काल बंद कराया जाना चाहिए। इसके अलावा अन्य समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि किसानों की मूलभूत समस्याओं का निराकरण जल्द से जल्द होना चाहिए। यदि समस्याएं निस्तारित नहीं होंगी तो किसान आंदोलन के लिए विवश हो जायेगा। इस मौके पर वीरेंद्र सिंह, नवल सिंह पटेल, सुरेंद्र सिंह, दिनेश शुक्ला, पप्पू सिंह, नागेंद्र यादव, मुन्ना शेख, कप्तान सिंह, सुरेश द्विवेदी, जुल्फेकार, अर्जुन सिंह, रोहित, शुभम, सुनील, हरीओम भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.