मुंह पर थूका तो बहन पर बरसा दीं गोलियां

 

आगरा के थाना शाहगंज के जोगीपाड़ा में संपत्ति के विवाद में सगी बहन पूनम चौधरी की गोलियां बरसाकर हत्या और भाभी नीलू चौधरी पर हमला करने का आरोपी शूटर ओपी-लाला का भतीजा निक्कू उर्फ ललित चौधरी सोमवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके पास से अवैध असलहा भी बरामद किया गया। इसी से आरोपी ने गोलियां चलाई थीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बहन और भाभी ने दुकान पर ताला डाल दिया था। विरोध पर बहन ने अभद्रता की। उसके मुंह पर थूक दिया। इससे वो गुस्से में आ गया। बहन की हत्या कर दी। इसके बाद भाभी को भी निशाना बनाया। मगर, वो बच गईं। उसे जेल भेज दिया गया है।

शनिवार को जोगीपाड़ा निवासी पूनम (27) की घर में ही दो गालियां मारकर हत्या हुई थी। उसकी भाभी नीलू भी घायल हुई थीं। उनकी बाजू को छूकर गोली निकल गई थी। घटना के बाद आरोपी निक्कू चौधरी भाग निकला था। इस मामले में भाभी नीलू की तहरीर पर हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। नीलू ने पुलिस को बताया कि निक्कू ने ससुर की संपत्ति पर कब्जा कर लिया है। वह अपने हिस्से का हक मांगने आई थीं। दुकान पर ताला डाल रही थीं। पूनम भी अपना हक चाहती थी। मगर, निक्कू हक नहीं दे रहा था। इससे उसका बहन से विवाद होता था। दुकान पर ताला डालने पर पिस्टल से ताबड़तोड़ कई फायर किए। उसने पूनम की हत्या कर दी। वह खुद जान बचाने के लिए घर से भाग गईं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.