कांग्रेस नेता बोले, मोदी की हत्या के लिए तैयार रहो, विवाद पर कहा- गांधी को मानने वाला, हत्या की बात नहीं करता, CM बोले- कांग्रेस के भाव प्रकट हो गए

 

 

मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने एक सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की बात कही। पन्ना में हुई इस सभा में पटेरिया ने कहा कि अगर लोकतंत्र को बचाना है तो मोदी की हत्या को तत्पर रहो। हत्या का मतलब हराना है। इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- ये विद्वेष की पराकाष्ठा है। ये घृणा की अति है। कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो गए हैं। ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। कानून अपना काम करेगा।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पटेरिया पर FIR के निर्देश दिए। जिसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पटेरिया के खिलाफ एक मामला पन्ना के पवई थाने में दर्ज किया गया है। हालांकि, पटेरिया ने बयान पर विवाद के बाद कहा कि वे गांधी को मानने वाले हैं और गांधी को मानने वाला हत्या की बात नहीं कर सकता। VIDEO गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। पटेरिया ने ये बयान कुछ दिन पहले दिया था, इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।

पहले जानते पूर्व मंत्री ने क्या कहा…
पटेरिया का यह बयान 11 दिसंबर का है। वे पन्ना जिले के मंडलम में कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे। तभी उन्होंने कहा- मोदी इलेक्शन खत्म कर देगा। मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा। दलितों का, आदिवासियों का और अल्पसंख्यकों का भावी जीवन खतरे में है। संविधान अगर बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहो। हत्या इन द सेंस … हराने के लिए तैयार रहो।

पटेरिया ने एक दिन बाद सफाई दी, कहा- मेरी बात को गलत तरीके से दिखाया
विवाद बढ़ने के बाद पटेरिया ने सोमवार को सफाई दी और एक वीडियो जारी किया। इसमें कहा- जो वीडियो वायरल हो रहा है वह कार्ड वितरण के दौरान का वीडियो है। इस वीडियो में मोदी की हत्या की जो बात है, वह गलत तरीके से बताई जा रही है। मैं गांधी को मानने वाला आदमी हूं। मैं इस तरह की बात नहीं कर सकता।

CM शिवराज बोले, कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो गए

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करने वालों की असलियत सामने आ रही है। मोदी जी जनता के दिलों में बसते हैं। संपूर्ण देश की श्रद्धा और आस्था का केंद्र हैं। मैदान में उनसे मुकाबला नहीं कर पाते, इसलिए कांग्रेस के नेता मोदी जी की हत्या की बात कर रहे हैं। ये विद्वेष की पराकाष्ठा है। ये घृणा की अति है। कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो गए हैं। ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। कानून अपना काम करेगा।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले- ये महात्मा गांधी की नहीं, इटली की कांग्रेस
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के बयान को आपत्तिजनक बताया। साथ ही FIR के निर्देश दे दिए। उन्होंने कहा- पटेरिया जी के बयानों को मैंने सुना, इससे साफ हो रहा है कि यह महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है, इटली की कांग्रेस है। इटली की मानसिकता मुसोलिनी वाली है। कन्हैया कुमार, सुशांत सिंह चल रहे हैं, उससे भी यह स्पष्ट हो जाता है।

BJP प्रदेशाध्यक्ष ने की जांच की मांग
BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी जांच की मांग की है। उन्होंने ट्वीट में लिखा- पूर्व मंत्री राजा पटेरिया द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या के लिए जनता ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उकसाना अत्यंत गंभीर और निंदनीय है। क्या हाल ही में मध्यप्रदेश से निकली राहुल गांधी की ‘भारत तोड़ो यात्रा’ में इस साजिश की तैयारी हुई? इसकी जांच होनी चाहिए।

कौन हैं राजा पटेरिया

राजा पटेरिया वर्ष 1992 में पहली बार उपचुनाव में दमोह जिले की हटा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। उसके बाद 1998 में हटा से ही दूसरी बार विधायक बने और दिग्विजय सिंह की सरकार में 2003 तक स्वतंत्र प्रभार मंत्री रहे हैं। इसके बाद 2003 में हटा विधानसभा सीट हरिजन के लिए आरक्षित हो जाने के कारण वह चुनाव नही लड़ पाए। फिर 2009 में उन्हें कांग्रेस पार्टी ने खजुराहो लोकसभा सीट से लोकसभा प्रत्याशी बनाया, लेकिन वह भाजपा के प्रत्याशी जितेंद्र सिंह से बड़े अंतर से चुनाव हार गए। 2014 में भी उन्हें लोकसभा खजुराहो से फिर प्रत्याशी बनाया गया, लेकिन इस बार फिर वह भाजपा के प्रत्याशी नागेंद्र सिंह से चुनाव हार गए।

पटेरिया 1998 से 2003 तक दिग्विजय की कांग्रेस सरकार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री रहे हैं। बुंदेलखंड के जनाधार वाले नेताओं में शुमार हैं। ब्राह्मण नेता माने जाते हैं। चुनाव के वक्त विधानसभा प्रत्याशी के लिए दावेदारी भी करते रहते हैं। चुनाव के समय कांग्रेस की जनसभाओं में वक्ता के रूप में शामिल होते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.