परिवार नियोजन के प्रति समुदाय को जागरूक बना रहा सारथी वाहन – परिवार नियोजन के स्थाई व अस्थाई साधनों को अपनाने के बारे में किया जा रहा प्रेरित – माइक्रो प्लान व रूट चार्ट के आधार पर निर्धारित क्षेत्रों में जाकर किया जा रहा प्रचार-प्रसार

फतेहपुर। जनपद में आम जनमानस को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सारथी वाहन चलाया जा रहा है। सारथी वाहन शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को परिवार नियोजन के अस्थाई व स्थाई साधनों को अपनाने के बारे में लोगों को प्रेरित कर रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील भारती ने बताया कि सारथी वाहन द्वारा परिवार नियोजन के स्थाई व अस्थाई साधनों के प्रति समुदाय को जागरुक किया जाता है। इसके द्वारा माइक्रो प्लान व रूट चार्ट के आधार पर निर्धारित क्षेत्र में जाकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. इश्तिायाक ने बताया कि पुरुष नसबंदी पखवाड़े के दौरान सारथी वाहन रवाना हुआ था। इसके द्वारा अब तक शहरी क्षेत्र में सारथी वाहन मलिन बस्ती सहित 22 घनी बस्तियों को कवर कर चुका है। इसके साथ ही 13 ब्लॉक के ग्राम पंचायत, गांव और मजरों को भी कवर कर चुका है। बताया कि सारथी वाहन के साथ ही एएनएम और आशा कार्यकर्ता गृह भ्रमण कर दंपति को परिवार नियोजन के साधनों व पुरुषों को नसबंदी के बारे में जागरूक कर रही हैं। हसवा ब्लॉक की आशा संगिनी ने बताया कि उनके कार्य क्षेत्र में जो लक्ष्य दंपत्ति किसी भी परिवार नियोजन के साधन का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे सारथी वाहन के प्रचार प्रसार के बाद अलग-अलग साधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सारथी वाहन के चलते 72 लक्ष्य दंपत्ति ने महिला नसबंदी अपना ली है। 283 ने अंतरा लगवा लिया है। 393 ने छाया लिया और 2275 लक्ष्य दंपति ने कंडोम को अपनाया है। चार पुरुषों ने नसबंदी करवाई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.