उत्तर प्रदेश में तीन दिन बाद फिर चलेगी पछुआ, गिरेगा तापमान

न्यूज़ वाणी

उत्तर प्रदेश में तीन दिन बाद फिर चलेगी पछुआ, गिरेगा तापमान*
मौसम विभाग के अनुसार उप्र में तीन दिनों तक तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं होंगे। उसके बाद पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। 28 दिसंबर तक कोहरा परेशान करेगा। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा सहित देश के कई राज्य कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। शीतलहर भी चल रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, और हिमाचल प्रदेश में भीषण सर्दी की स्थिति रहेगी। दिल्ली में भी अगले 24 घंटों में कड़ाके की सर्दी की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूरे उत्तर भारत में भारी शीतलहर की चेतावनी जारी की है। पंजाब में रविवार को भी कड़ाके की सर्दी जारी रही। शीतलहर के कारण लोग घरों में दुबके रहे।
*शुष्क मौसम के बीच ठिठुर रहा जम्मू कश्मीर*, पारा और गिरा
जम्मू कश्मीर में तापमान हर दिन गिर रहा है। गलन भरी ठंड ने जनजीवन को मुश्किल कर दिया है। कश्मीर में लगभग सभी क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से काफी नीचे चला गया है। कड़ाके की ठंड की वजह से कश्मीर के कई इलाकों में नलों में पानी जम गया है। डल झील के अंदरूनी हिस्से भी जम गए हैं। अन्य जलस्त्रोतों की भी यही स्थिति है।
जम्मू भी शीतलहर से ठिठुर रहा है। जम्मू संभाग के पहाड़ी क्षेत्रों में भी रात का पारा शून्य से नीचे या इसके आसपास ठिठुर रहा है। सोमवार को भी मौसम शुष्क रहेगा। 30 दिसंबर तक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान वर्षा और हिमपात के पूरे आसार हैं।
*कश्मीर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया।* श्रीनगर का न्यूनतम तापमान माइनस 5.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो इस सीजन में सबसे कम है। शनिवार-रविवार रात को जम्मू का तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्दी के इस सीजन में यह सबसे कम तापमान है।
*चारधाम समेत अन्य चोटियों में हल्का हिमपात*
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते दो दिन से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं। चारधाम समेत अन्य चोटियों में हल्का हिमपात होने से ठिठुरन बढ़ गई है। मैदानी क्षेत्रों में सर्द हवाएं कंपकंपी छुटा रही हैं। मौसम के करवट बदलने से कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। सोमवार को भी उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के आसार हैं।
सबसे अधिक ठंडा रहा बठिंडा पंजाब के ज्यादातर इलाकों में
रविवार को कड़ाके की सर्दी पड़ी। कई शहरों में दिन भर धूप नहीं निकली। इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बठिंडा रविवार को सबसे अधिक ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार-पांच दिन कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।
*सफेद चादरों से ढका उत्तर सिक्किम*
उत्तर सिक्किम का क्षेत्र रविवार सुबह सफेद चादरों से ढक गया। बर्फबारी होते ही यहां पर्यटकों का आना शुरू हो जाता है और हिमपात होते ही पर्यटक इसका लुत्फ उठाने भी आते हैं। इस दृष्टि से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.