ठंड से बेहाल जनजीवन, सूर्य की लुका-छिपी जारी – कोहरे के कारण घंटों देरी से पहुंची ट्रेनें, हाइवे में रेंगते रहे वाहन – ठंड से बचाव करने वाले साधनों की बिक्री धड़ल्ले से जारी

फतेहपुर। बीते साल 2022 की विदाई व नये साल 2023 के आगमन को लेकर जहां युवाओं में उत्साह दिखाई दिया वहीं साल का अन्तिम दिन एकाएक ठंड में इजाफा हो गया। ठंड और कोहरे के चलते आम जिन्दगी प्रभावित होने लगी। पिछले कई दिनों से पड रही ठंड से लोग बेहाल थे लेकिन शुक्रवार की रात से पडे कोहरे ने यातयात व्यवस्था को पूरी तरह से चौपट कर दिया। कई घंटे देरी से आ रही टेªने लोगों के लिये नाकाफी साबित हो रही हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी मुसाफिरों के लिये बवाले जान बन गयी है। ड्यूटी पर जाने वाले सरकारी कर्मचारियों सहित लम्बी दूरी की यात्रा करने वालों के लिये समस्या बढ़ती जा रही है। सर्दी से बचने के लिये लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे है। बाजार में ठंड से बचाव करने वाले साधनों की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। रोडवेज बसों को भी घने कोहरे के कारण हाइवे पर रेंग-रेंग कर चलना पड़ रहा है। लगातार लुढ़क रहे पारे के चलते हाड़कपाऊ ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सुबह का आगाज कोहरे के साथ शुरू हुआ तो यह स्थिति 09 बजे तक बनी रही। दिनभर शीतलहर चलने से लोग कंपकपाते रहे। दोपहर दो बजे बाद अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ और धुंध छा गई। लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। लगातार बढ़ रही ठंड लोगों के लिये परेशानी का सबब बनती जा रही है। पिछले कई दिनों से ठंड में हुए इजाफे से बचने के लिये जहां लोग उपाय कर रहे थे। वहीं भीषण कोहरा पड़ने से स्थितियां और भी दुरूह हो गयी है। रेलवे स्टेशन एवं रोड़वेज बस स्टाप में सर्दी से ठिठुरते लोग देखे जा सकते है। सबसे अधिक दिक्कतों का सामना गरीब तबके के लोगों को उठाना पड़ रहा है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा अलाव की व्यवस्था की गयी हैं वह बढ़ रही ठंड के साथ अब नाकाफी साबित हो रही है। लोंगों ने और स्थानों पर अलाव जलवाये जाने की मांग की है।
इनसेट-
ठंड से किसान की मौत
अमौली/फतेहपुर। ब्लॉक के रनुपुर गाँव में एक किसान की ठंढ लगने से मौत हो गयी। परिजनों के अनुसार छेदा लाल पाल रात में गेंहू के खेत में पानी लगाए था। सुबह जब घर आया तो ठंड महसूस हुई और वह लेट गया। घर वाले रोज की तरह अपना दैनिक कार्य करने लगे। परिजनों को लगभग चार बजे जानकारी हुई तो वह सरकारी अस्पताल जहानाबाद ले गए लेकिन डॉक्टरों ने वहाँ मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.