सीएमओ का घेराव करेगी भाकियू अराजनैतिक – जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड न बनने पर जताई नाराजगी – यमुना तटवर्ती क्षेत्र में अन्ना जानवरों के विचरण पर आंदोलन की बनाई रणनीति

फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की एक बैठक सुल्तानपुर में आयोजित हुई। जिसमें विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा कर रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
बैठक की अध्यक्षता जिला महासचिव प्रीतम सिंह चंदेल ने की। वक्ताओं ने कहा कि गांव-गांव आयुष्मान कार्ड गरीब जरूरतमंद लोगों के नहीं बन रहे हैं। उनके कार्ड बनाये जा रहे हैं जिनको आवश्यकता नहीं है। इसलिए सीएमओ का घेराव किया जायेगा। सभी किसानों का कैंप लगवाकर आयुष्मान कार्ड बनवाया जायेगा। बैठक में बताया गया कि ललौली व बहुआ पुलिस की उदासीनता के कारण थाने का घेराव किया जायेगा। यमुना तटवर्ती क्षेत्र में अन्ना जानवर किसानों की फसलें नष्ट कर रहे हैं। इन मुद्दे को लेकर आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जायेगा। तहसील अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि सभी लोग अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण करके गांव-गांव पंचायत लगवायें और संगठन का विस्तार करके अवगत करायें। संगठन विस्तार के लिए चार जनवरी को बहुआ में घनश्याम गुप्ता, दस जनवरी को चुरियानी में रज्जन तिवारी, बीस जनवरी को बनरसी में योगेंद्र मौर्य, चौबीस जनवरी को करसवां में राम किशोर के यहां पंचायत की जायेगी। बैठक में सोनू सिंह, भानु प्रताप, बउवन शुक्ला, घनश्याम गुप्ता, रज्जन तिवारी, राम किशोर, योगेंद्र मौर्य, सुरेश पटेल, राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.