2024 में संत समाज करेगा भाजपा का सफाया: कंप्यूटर बाबा – राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से होगा देश में बड़ा बदलाव – अयोध्या से चित्रकूट जाते समय महामंडलेश्वर का कांग्रेसियों ने किया स्वागत

फतेहपुर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बेहद सराहनीय है। इससे देश में बड़ा बदलाव होगा। 2024 के लोकसभा चुनाव में संत समाज भारतीय जनता पार्टी का सफाया करने का काम करेगा। ज्यादा से ज्यादा साधू संतों को कांग्रेस से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
यह बात रविवार को अध्योध्या से चित्रकूट जाते समय शहर के वीआईपी रोड स्थित एक होटल में स्वागत के दौरान मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री व षट्टदर्शन संत समिति मध्य प्रदेश के अध्यक्ष महामंडलेश्वर कम्प्यूटर बाबा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होने कहा कि राहुल गांधी ने देश से नफरत का सफाया करने के लिए ही भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत की है। यह यात्रा बेहद सराहनीय है और इन दिनों यात्रा उत्तर प्रदेश में निकाली जा रही है। उन्होने कहा कि इस यात्रा के बाद देश में एक बड़ा बदलाव होगा। नफरत की राजनीति करने वालों को करारा जवाब मिलेगा। उन्होने कहा कि ज्यादा से ज्यादा साधू संतों को कांग्रेस से जोड़ने का काम किया जा रहा है। यही संत समाज 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का सफाया करने का काम करेगा। उन्होने कहा कि देश हो या प्रदेश जहां-जहां भाजपा की सरकार है वहां-वहां सिर्फ और सिर्फ नफरत को बढ़ावा दिया जा रहा है। मध्य प्रदेश में उनके आश्रम पर शिवराज सिंह चौहान सरकार ने बुल्डोजर चलवाने का काम किया। जबकि उनका आश्रम वैध स्थान पर संचालित हो रहा था। उन पर दबाव बनाने के लिए शिवराज सरकार ने यह कृत्य किया। इसका जवाब शिवराज सरकार को भी आने वाले समय में जरूर मिलेगा। उन्होने लोगों का आहवान किया कि नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो का नारा बुलंद करें और आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में नफरती सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करें। इससे पहले शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व नगर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा के नेतृत्व में कंप्यूटर बाबा का फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में महेश द्विवेदी, रामनरेश महाराज, दिनेश मिश्रा, आनंद सिंह गौतम, मनोज श्रीवास्तव, आदित्य श्रीवास्तव, मोईन राईन, दिनेश पांडेय भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.