6 लड़कियों के पिता ने रचाई शादी, जमकर किया डांस

बाराबंकी के रहने वाले एक बुजुर्ग ने करीब 40 साल छोटी लड़की से शादी रचाई है। यह बुजुर्ग शख्स 6 लड़कियों का पिता है। 3 साल पहले उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद से वह अपने अकेलेपन से काफी परेशान था। इसके चलते उसने दूसरी शादी करने का फैसला लिया। बुजुर्ग के अपनी बेटी की उम्र की लड़की से शादी के चर्चे सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहे हैं।

रांची की रहने वाली है दूसरी पत्नी
बुजुर्ग का नाम नकछेद यादव है। वह सुबेहा थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद पूरे चौधरी गांव का रहने वाला है। जिस लड़की से उसने शादी की है। वह 24 साल की है। नाम नंदनी है। वह झारखंड के रांची की रहने वाली है। रविवार को मुहुर्त देखकर रुदौली के कामाख्या देवी मंदिर में विधि-विधान से हिंदू रीति रिवाज से शादी की। शादी में बाराती और घराती दोनों शामिल हुए।

सभी 6 लड़कियों की हो चुकी है शादी
नकछेद की इस शादी में उसकी बेटियां भी शामिल हुई। वह भी पिता की बारात में खुश नजर आई। इस उम्र में शादी करने के सवाल पर नकछेद कहते हैं, “पहली पत्नी की मौत के बाद से वह काफी अकेला हो गया था। उसकी सभी लड़कियों की शादी हो चुकी है। सभी अपने-अपने ससुराल चली गई हैं। अब घर में खाना बनाने वाला भी कोई नहीं था। एक गिलास पानी भी पीना होता है तो खुद लेना पड़ता है। इस वजह से काफी परेशानी होती थी। इसके चलते मैंने अब दूसरी शादी है। इस शादी से हम दोनों काफी खुश हैं।”

50 बाराती हुए शामिल, दूल्हे ने किया जमकर डांस
कामाख्या देवी मंदिर में शादी में नकछेद की शादी कराने वाले पंडित शीतला प्रसाद ने बताया कि हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार पूरे विधि-विधान से शादी हुई। पहले हवन और फिर वरमाला की रस्म हुई। शादी में 50 के करीब बाराती और घराती भी शामिल हुए। वहीं, शादी के बाद बुजुर्ग दूल्हे ने जमकर डांस किया। रविवार को ही नकछेद के घर पर प्रीतिभोज भी रखा गया। इसमें गांव के लोग शामिल हुए।

बेटियों ने भी किया खूब डांस 
नकछेद की बेटियां भी अपने पिता की शादी में शामिल हुई। उन्होंने खूब डांस किया। रिश्तेदारों ने बताया कि बेटियां भी चाहती थी कि पिता की शादी हो जाए। क्योंकि, घर पर अब उनकी देखभाल के लिए कोई नहीं था। बेटियों ने भी कहा कि पिता अकेले रहते थे, इसलिए हर वक्त उनकी चिंता लगा रहती थी। शादी हो जाने से उनकी देखभाल हो पाएगी।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.