सांप से खेल रहा  युवक को डसने पर मौत:गले में डालकर दिखा रहा था करतब

देवरिया में एक युवक ने पहले सांप को पकड़ा और फिर उसके साथ खेलने लगा। इस दौरान सांप ने उसके गले में डस लिया। इसके बाद युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला खुखंदू थाना क्षेत्र के जमुआ गांव का है।

संतोष का सांप के साथ खेलते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि वह सांप को हाथ में पकड़े है। सांप का मुंह वह अपने हाथ से दबाए हुए है। वह कभी सांप को कंधे पर, तो कभी हाथ पर लपेट रहा है। तो कभी सांप उसके सिर पर चढ़ा जा रहा है। वह सांप के फन को अपनी जीभ से भी टच करता है।

सांप के साथ खेलते समय वह लोगों से बात भी कर रहा है। एक बार वह सांप को जमीन पर छोड़ देता है। उसके बाद फिर से उसको उठा कर सिर पर रख लेता है। लोग उसको ऐसा करने से रोकते हैं। लेकिन, वह किसी की बात नहीं सुनता। लोगों का कहना है कि संतोष ने शराब भी पी रखी थी।

केवल 10 मिनट में पकड़ लिया था सांप
गौरी बाजार में रहने वाला संतोष मजदूरी करने के साथ ही सांप पकड़ने का भी काम करता था। रविवार देर शाम गांव जमुआ में एक सांप निकल आया था। उसको पकड़ने के लिए संतोष को बुलाया गया था। संतोष ने करीब 10 मिनट के अंदर सांप को पकड़ लिया।

इसके बाद वह सांप को कपड़े में लपेट कर अपने घर के पास ले आया। वहां वह गांव के लोगों को सांप के साथ करतब दिखाने लगा। गांव के लोगों ने उसको मना भी किया, लेकिन वह नहीं माना। इस बीच उसकी गांव के लोगों से बहस भी हो गई।

सांप पकड़ने का भी काम करता था
संतोष की शादी हो चुकी थी। उसके बच्चे भी हैं। घर में उसके पिता भी हैं। संतोष सांप पकड़ने का काम करता था। इसीलिए आस-पास के क्षेत्रों में जब सांप निकलता था, तो उसको बुला लिया जाता था। बताया जा रहा है कि संतोष सांप को जंगल में छोड़ने के लिए घर के पास लेकर आया था। लेकिन, इसी बीच वह उसके साथ खेलने लगा। इसके बाद सांप ने उसको काट लिया और जंगल में भाग गया।

शौक बन गया मौत का कारण
संतोष के पिता ने बताया, संतोष को सांप पकड़ने का शौक था। इसीलिए किसी के बुलाने पर चला जाता था। पहले भी वह गांव में कई बार सांप पकड़ चुका है। हम लोग उसको मना करते थे, लेकिन वह किसी की बात नहीं सुनता था। आज उसका शौक मौत का कारण बन गया। घर में उसकी पत्नी-बच्चे सब हैं। अब उनको कौन देखेगा? संतोष की मौत से उसकी पत्नी भी गहरे सदमे में है।

रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कारण

इस मामले में थानाध्यक्ष नवीन सिंह ने बताया कि सांप के काटने से संतोष की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चल पाएगा। मामले में जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों से भी बयान लिए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.