सेंट्रल हज कमेटी ने की नई गाइडलाइन जारी

छत्तीसगढ़ से हज पर जाने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है कि इस साल हज के आवेदन निशुल्क मिल सकते हैं। अभी तक इन आवेदनों के लिए 300 रुपए का शुल्क तय था। इतना ही नहीं हज के खर्चे में 50 हजार रुपए तक की भी कमी हो सकती है। केंद्रीय हज कमेटी की ओर से 2023 में हज यात्रा के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी गई है। इसके बाद ही यह माना जा रहा है कि हज यात्रियों को इस साल हज यात्रा पर कई बड़ी राहतें मिल सकती हैं।

हर साल की तरह इस साल भी छत्तीसगढ़ के हज यात्री नागपुर से ही सउदी के लिए उड़ान भरेंगे। प्राइवेट टूर से जाने वाले लोग मुंबई से उड़ान भरेंगे। छत्तीसगढ़ में हर साल सीटों से दोगुना फॉर्म जमा होते हैं। इस साल भी करीब 500 सीटों के लिए एक से डेढ़ हजार आवेदन मिलने की संभावना है।

ऑनलाइन  होगा आवेदन
हज रक जाने वाले लोगों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। हज-2023 के आवेदन और गाइडलाइन से संबंधित सभी तरह की जानकारी हज कमेटी ऑफ इंडिया ऑनलाइन जारी करेगी। हज यात्री वेबसाइट https://hajcommittee.gov.in से यह जानकारी हासिल कर सकते हैं। अफसरों का कहना है कि जो भी सूचना मिले वो अधिकृत वेबसाइट से ही लें। सोशल मीडिया पर प्रचारित खबरों पर विश्वास न करें।

नई हज नीति में यह भी भी प्रावधान किया गया है कि कोई महिला 45 साल से अधिक उम्र की है और उसके साथ कोई ब्लड रिलेशन संबंधित या पति नहीं है तो ऐसी स्थिति में महिला ‘मेहरम’ (नजदीकी पुरुष रिश्तेदार) के बिना भी आवेदन करती है। ऐसी महिलाओं को भी हज पर जाने की अनुमति मिलेगी। पहले महिलाओं को मे हरम नहीं होने की स्थिति में समूह में जाने की ही अनुमति थी।

30 से 40 दिनों में पूरी होगी हज यात्रा
30 से 40 दिन में हज यात्रा पूरी हाेगी। 2 साल के बच्चों का पूरा किराया देना होगा। बच्चे की उम्र दो साल से कम होगी तो हवाई किराया में 10 फीसदी की छूट रहेगी। हर साल की तरह इस साल भी एक कवर नंबर में 4 वयस्क और 2 बच्चों को शामिल किया जाएगा। 70 से ज्यादा उम्र के लोगों को सीटाें के आवंटन में प्राथमिकता मिलेगी। हजयात्रा के दौरान कुर्बानी का कूपन हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से ही जारी किया जाएगा। यह व्यवस्था कुछ ही साल पहले बनाई गई है। लोग अपनी मर्जी से कुर्बानी करवाते थे। इस साल भी कमेटी की ओर से कुर्बानी के लिए एक कूपन मिलेगा। कुर्बानी के लिए रकम पहले ही जमा करवा ली जाएगी।

हज पर जाने वाले ये दस्तावेज रखें तैयार

  • यात्रा पर जाने वाले के पास बैंक पासबुक होना अनिवार्य है।
  • इंटरनेशनल और स्थायी पासपोर्ट पर ही यात्रा की अनुमति है।
  • स्वयं का ईमेल आईडी, आधार व पैन कार्ड होना जरूरी है।
  • नवीन रंगीन फोटो, जो सफेद बैकग्राउंड के साथ हो।

हज यात्रा के लिए नई गाइडलाइन जारी हो गई है। गाइडलाइन के बाद नए निर्देशों में इस बार कई विशेष रियायतें मिलने की संभावना है। सेंट्रल कमेटी से जल्द ही इस संबंध में नए निर्देश मिल जाएंगे। आवेदन करने की तारीख भी जल्द जारी होगी। 

Leave A Reply

Your email address will not be published.