पहले दी परीक्षा, फिर दुल्हन हुई विदा

खागा/फतेहपुर। पढ़ेंगी बेटियां और आगे बढ़ेंगीं बेटियां जैसे नारे अब सिर्फ नारे नहीं हैं, बेटियां इसे चरितार्थ भी कर रही हैं। हथगाम ब्लाक के मउपारा गांव में शिवानी शर्मा ने जल्द विदाई का आग्रह कर रहे बरातियों को तब चौंका दिया जब उसने कहा कि-पहले मै परीक्षा दूंगी, उसके बाद ही विदाई होगी। फिर वह परीक्षा देने गई।
गाजीपुर मजरे बहादुरपुर से मउपारा हथगाम गांव की दूरी लगभग 45 किमी. हैं जहां से बरात आई थी। मंगलवार को शिवानी का विवाह था। बुधवार को उसकी विदाई होनी थी। बुधवार को सुबह फेरों की रस्म संपन्न होने के बाद बराती जल्द विदाई का आग्रह करने लगे लेकिन दुल्हन की बोर्ड की परीक्षा होने के चलते बारातियों को दोपहर भेज दिया गया और दुल्हा-दुल्हन को रोक लिया गया। दुल्हन के पिता संजय शर्मा ने बताया कि शिवानी बचपन से पढ़ने में होशियार है। इस वर्ष वह यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की छात्रा है। बुधवार को उसका दूसरी पाली में अर्थशास्त्र का पेपर था। घर के सदस्य संकोच में बरातियों को इस बात की जानकारी नही दी थी इसलिए शिवानी शर्मा खुद आगे आईं और अपना इरादा जाहिर किया। इस पर सभी ने दुल्हन के फैसले का सम्मान किया। बुधवार को शिवानी शर्मा परीक्षा देकर शाम साढे़ पांच बजे घर पहुंची और शाम को छह बजे विदाई हुई। शिवानी ने बताया कि शिक्षा ही है जो जीवन को खुशहाल बना सकती है। हर परिवार को बेटियों को शिक्षित ही नहीं बल्कि उच्च शिक्षित करना होगा। दुल्हन ने शादी के बाद लगातार पढ़ाई जारी रखने की बात कही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.