बाइक पर बैठे-बैठे जिंदा जला युवक, 3 माह पहले शादी में मिली थी नई बाइक

 

 

बेगूसराय में एक युवक बाइक के साथ जिंदा जल गया। युवक की बाइक पहले मिनी ट्रक से टकराई, इसके बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई। आग ने युवक को भी अपनी चपेट में ले लिया। युवक बाइक पर बैठे-बैठे ही जिंदा जल गया।

हादसा बीती रात 10 बजे के करीब एनएच 28 पर हुआ। इस हादसे का वीडियो सामने आया है। जिसकी तस्वीरें विचलित करने वाली हैं। युवक पूरी तरह से जल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही बरौनी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। पहले आग को बुझाया गया। फिर देर रात युवक के जले शव को सदर अस्पताल लाया गया। आज सुबह उसकी पहचान हुई है।

3 माह पहले हुई थी शादी, दहेज में मिली थी बाइक

मृतक की पहचान तेघरा थाना क्षेत्र के अंबा गांव निवासी नागों तांती के बेटे संजीत कुमार (26) के रूप में हुई है। संजीत रिफाइनरी थाना क्षेत्र के मोसादपुर गांव में अपने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान जीरो माइल से पहले ओवरब्रिज के पास मिनी ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई थी। इससे पेट्रोल लीक होने लगा। जिससे बाइक में आग लग गई।

नागों तांती ने बताया कि युवक की दिसंबर 2022 में ही शादी हुई थी। शादी में ही उसे नई पल्सर बाइक मिली थी। वह गुड़गांव में रहकर मजदूरी करता था। 4 मार्च को ही घर लौटा था और 5 मार्च की शाम बाइक पर सवार होकर ससुराल के लिए निकला था।

जले नंबर प्लेट से हुई पहचान

परिजनों ने बताया कि संजीत जब देर रात तक अपने ससुराल नहीं पहुंचा तो उसकी खोज शुरू हुई। इसके बाद सुबह सोशल मीडिया ग्रुप में बाइक सवार के जिंदा जलने की खबर पढ़ी। जानकारी मिलने पर परिजन बरौनी थाना पहुंचे। बाइक के जले हुए नंबर प्लेट से उसकी पहचान हुई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.