बहेन की लव मैरिज से नाराज साले ने जीजा को उतारा मौत के घाट

 

आगरा में बहन की लव मैरिज से नाराज भाई ने अपने जीजा राज का मर्डर कर दिया। सोमवार रात करीब 1 बजे साला अपनी बहन के घर पहुंचा था। कमरे में सोते हुए जीजा के सीने में गोली दागने के बाद वो भाग निकला। पुलिस भागने की दिशा के CCTV जांच रही है। ताकि उसको पकड़ा जा सके।

वहीं लहूलुहान राज को देर रात एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। इस वारदात में गर्भवती पत्नी की भी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के मुताबिक, उनकी डिलीवरी भी इसी सप्ताह होनी है। ये मामला सदर थाना क्षेत्र के गांव रोहता का है।

 

राजस्थान के धौलपुर के बाड़ी बसेड़ी के रहने वाले राज (25) ने 10 महीने पहले आगरा के जगनेर के तातंपुर की रहने वाली रामा (23) से लव मैरिज की थी। लव मैरिज से पहले रामा ने अपने घर वालों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वो लोग नहीं माने। विरोध के बावजूद ये शादी तो हो गई। मगर रामा का छोटा भाई शिव शंकर दुश्मनी मान रहा था। इन्हीं वजहों से शादी के बाद राज पत्नी रामा के साथ सदर थाना क्षेत्र के रोहता में रहने लगा।

सोमवार देर रात तकरीबन एक बजे शिव शंकर बाइक से अपनी बहन रामा के घर पहुंचा। उस समय राज और रामा घर की कमरे में सो रहे थे। शिव शंकर घर में घुस गया। उसको ये अंदाजा था कि दोनों कहां सो रहे हैं। उसने सो रहे राज के सीने में तमंचे से गोली मार दी। उसकी बहन रामा गोली की आवाज सुनकर जाग गई। मुहल्ले में भी हल्ला मच गया। इसके बाद शिव शंकर घर के बाहर आया और बाइक से भाग निकला।

 

मुहल्ले के लोगों ने वारदात की जानकारी पुलिस को दी। पति के मौत की खबर सुनकर पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद परिजनों ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। पड़ोसी योगेश ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर सभी लोग घरों से बाहर आ गए। कुछ लोगों ने शिव शंकर को भागते हुए भी देखा।

ए सी पी सदर अर्चना सिंह ने बताया कि गांव रोहता में 10 दिन पहले ही राज और रामा किराए पर रहने आए थे। इससे पहले वो दोनों हैदराबाद में थे। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों बच्चे की डिलीवरी के लिए यहां आए थे। शुरुआती जांच में यही लग रहा है कि शिव शंकर ने गोली मारी है। उसको पकड़ने के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी की जांच की जा रही है। उसकी बाइक का नंबर पता किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.