ससुराल वालो से परेशान होकर महिला शिक्षिका ने किया सुसाइड

 

कासगंज में एक शिक्षिका ने सुसाइड करते हुए लाइव वीडियो बनाया। महिला ने फोन में वीडियो रिकॉर्ड करते हुए जहर खा लिया। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। वीडियो में उसने पति और ससुराल वालों का जिक्र किया। इसमें वह कह रही है,”बाय मैं जा रही हूं। अब आप लोग खुश रहना। बहुत परेशान किया है न आप लोगों को। अब कभी परेशान नहीं करूंगी।” यह पूरा मामला कोतवाली गंज डुडवारा क्षेत्र का शुक्रवार का है। महिला टीचर का नाम रंजना था।

मामले में महिला के मायके वालों ने उसके पति, सास-ससुर, ननद और मौसी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए पति और सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ननद और मौसी की तलाश की जा रही है। महिला ने 17 मार्च को अपने ससुराल में जहर खाया था। रविवार को पुलिस को जांच के दौरान महिला के मोबाइल से उसका सुसाइड का वीडियो मिला है।

 

साल 2016 में हुई थी महिला टीचर रंजना की शादी
रंजना की उम्र 33 साल थी। रंजना गंज दुण्डवारा के वैदिक कन्या देवी इंटर कॉलेज में शिक्षिका थी। रंजना मैनपुरी की रहने वाली थी। उसकी शादी साल 2016 में कासगंज के महेन्द्र पाल से हुई थी। रंजना की एक पांच साल की बेटी भी है। जिसका नाम आदी है। वीडियो में रंजना उसका ख्याल रखने की बात कह रही है। रंजना का पति प्राइवेट नौकरी करता है।

बेटी रंजना की मौत के बाद पिता धर्मेंद्र सिंह ने कहा, “ससुराल वाले हम लोगों को लगातार गुमराह करते रहे। कहा कि बेटी की तबीयत ठीक नहीं है। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा। हमें कभी आगरा तो कभी बरेली ले जाने के बारे में बताते रहे। ये लगातार झूठ बोलते रहे। ये लोग बेटी को कहीं नहीं ले गए थे। हमें केवल इधर-उधर घुमाते रहे। जब हम परेशान होकर बेटी के ससुराल पहुंचे तो उसकी लाश आंगन में रखी हुई थी। घर से सभी लोग फरार थे। रंजना की 5 साल की बेटी आदी पड़ोसी के घर पर थी। हम लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। जांच के लिए बेटी का मोबाइल को अपने कब्जे में लिया।”

पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले हम लोगों की बात बेटी से हुई थी। तब उसने फोन पर बताया था। ये लोग मुझे परेशान कर रहे हैं। हम लोग उसको जिस दिन लेने जाने वाले थे उसी दिन उसकी मौत हो गई। इन लोगों ने बेटी को इतना परेशान किया कि वो जान देने के लिए मजबूर हो गई।

पिता ने बताया कि मेरी बेटी कमाती थी, तब भी ये लोग उसे पैसों के लिए तरसाते थे। उसके सारे पैसे छीन लेते थे। उसकी बेटी को भी उससे दूर रखने की कोशिश करते थे। मैं इन लोगों को पैसे भी भेजता रहता था। उसके बाद भी ये लोग बेटी को परेशान करते थे। मेरी बेटी को सभी लोग मिलकर मारते थे। पड़ोस में रहने वाली लड़के की मौसी भी मेरी बेटी को प्रताड़ित करती थी। मेरी बेटी को ये लोग भूखा रखते थे। वो बहुत ज्यादा टूट गई थी।

इस मामले में गंज डुंडवारा कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि मामले में मृतका के पिता धर्मेन्द्र सिंह की तहरीर पर मृतका के पति महेन्द्र सिंह, ससुर नेकसे लाल, सास मंजू लता, ननद और मौसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पति, ससुर और सास को उनके एक रिश्तेदार के गांव से गिरफ्तार किया गया है। उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। बाकी की तलाश जारी है। सभी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिला ने अपने मोबाइल में जहर खाने का वीडियो रिकॉर्ड किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.