धमाके के साथ जेब में फटा मोबाइल, जींस में लगी आग, बाइक से जा रहा युवक झुलसा

 

 

युवक की जेब में रखा मोबाइल धमाके के साथ फट गया। युवक जब तक कुछ समझ पाता, उसकी जींस में आग लग गई। उसने फौरन मोबाइल को निकाला और सड़क पर फेंक दिया। इतनी ही देर में उसकी जांघ जल गई। गहरा जख्म हो गया है। धमाके से आसपास से गुजर रहे राहगीर भी सहम गए। युवक के साथ बाइक पर उसका छोटा भाई था। वह बाल-बाल बच गया। मामला चूरू शहर का है।

भाई को लेकर जा रहा था घर
अरबाज खान (19) निवासी वार्ड 42, चूरू शहर ने बताया कि बुधवार को उसके छोटे भाई नदीम (17) की परीक्षा थी। नदीम 12वीं में है। उसका आज अंग्रेजी (अनिवार्य) विषय का पेपर था। उसका सेंटर रतनगढ़ रोड स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में था। दोपहर करीब 12 बजे पेपर खत्म होने के बाद अरबाज अपने छोटे भाई नदीम को बाइक पर लेकर घर लौट रहा था।

सेंटर से ढाई किलोमीटर आगे जैन केशर बालिका स्कूल के पास पहुंचा था। अचानक चलती बाइक पर जेब में धमाका हुआ। जिस जेब में स्मार्ट फोन रखा था, उसमें आग लग गई। अरबाज ने तुरंत बाइक को रोका। जेब से मोबाइल को निकालकर दूर फेंका।

मोबाइल फटने से जेब में लगी आग
अरबाज ने बताया कि मोबाइल फटने की घटना के बाद वह घबरा गया। इस दौरान उसके मोहल्ले का खालिद वहां से गुजर रहा था। खालिद ने उसको तुरंत प्राइवेट गाड़ी से डीबी हॉस्पिटल पहुंचाया। अरबाज ने बताया कि वह लोहिया कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर में पढ़ता है। करीब 15 महीने पहले उसने ओप्पो कंपनी का A54 हैंडसेट खरीदा था। मोबाइल ठीक चल रहा था। पता नहीं आज क्या हुआ, इसी में विस्फोट हो गया।

युवक 5 फीसदी जला
अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर श्रद्धा शर्मा ने बताया कि अरबाज की जांघ झुलस गई थी। धमाके के बाद उसने समझदारी दिखाई थी। वरना ज्यादा नुकसान हो सकता था। अरबाज ने मोबाइल को दूर फेंक दिया था। वह 5 फीसदी तक झुलसा है।

झालावाड़ में भी फट गया था मोबाइल

सालभर पुरानी बात है। झालावाड़ के झालरापाटन इलाके में बड़ा हादसा हुआ था। खैरासी गांव का बाबूलाल भील खेत में काम कर रहा था। इस दौरान उसने जेब में मोबाइल रखा था। अचानक मोबाइल फट गया। पैंट के साथ उसका पैर भी झुलस गया था। युवक ने जिस दुकान से मोबाइल खरीदा था, उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।

अलवर में 2 बच्चे झुलस गए थे
अलवर के कोटकासिम में एक साल पहले मोबाइल में धमाका हुआ था। इस घटना में 2 बच्चे बुरी तरह झुलस गए थे। एक बच्चे का मुंह पूरी तरह जल गया था, दूसरे बच्चे का पैर और प्राइवेट पार्ट झुलस गया था। कोटकासिम के वार्ड 1 के रहने वाले घनश्याम कश्यप के बेटे चार साल का यश व डेढ़ साल का भूपेंद्र घर के बाहर चारपाई पर खेल रहे थे। अचानक उनके हाथ में मोबाइल की बैटरी तेज धमाके के साथ फट गई थी। इसमें दोनों बच्चे झुलस गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.