भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने पंखे से लटककर किया सुसाइड

 

1 बजे रात तक पार्टी, इंस्टाग्राम रील, 2.55 बजे लाइव और फिर सुसाइड। 27 साल की भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत की रात कुछ ऐसा हुआ। यही नहीं, पुलिस जब मास्टर चाबी से होटल का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई तो आकांक्षा के गले में पंखे से लगा फांसी का फंदा था। लाश के बेड के सहारे थी, ऐसे जैसे कोई बैठा हुआ हो।

कमरे की लाइट जल रही थी और बाथरूम का नल भी खुला था। फिलहाल, पुलिस अभी तक इसे आत्महत्या मान रही है। हालांकि, आंकाक्षा की मौत को लेकर सवाल भी खड़े होने लगे हैं। आकांक्षा का शव वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के सोमेंद्र होटल में कमरा नंबर-105 में रविवार को मिला था।

मूलरुप से भदोही की रहने वाली आंकाक्षा का परिवार अब मुंबई शिफ्ट हो चुका है। मौत की खबर पर रविवार देर रात परिजन वाराणसी पहुंच गए हैं। आज शव का पोस्टमॉर्टम भी होगा। रिपोर्ट आने के बाद काफी हद तक तस्वीर और साफ हो जाएगी। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच कर सबूत को इकट्‌ठा किया।

 

आकांक्षा की मां ने सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह, उनके भाई और दो अन्य सहयोगी के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज कराया। समर सिंह पर रिलेशनशिप में रहने के बाद धोखा देने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। समर सिंह के भाई पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। वहीं, पिता छोटेलाल दुबे और चाचा मुन्ना दुबे ने समर सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

आकांक्षा दुबे की मां ने कहा कि मेरी बेटी की हत्या हुई है। भोजपुरी गायक समर सिंह इसका दोषी है। आजमगढ़ निवासी भोजपुरी गायक समर सिह आकांक्षा को बहुत प्रताड़ित करता था। फिल्म में काम करने पर पैसा नहीं देता था। किसी दूसरे की फिल्म या गाने में काम करने पर मारता-पीटता था। कई बार जब आकांक्षा ने उससे अपने पैसे मांगे, तो उसके साथ मारपीट भी की।

आकांक्षा होटल में पार्टी करने के बाद देर रात 1:55 बजे वापस लौटी थीं। होटल मैनेजर ने बताया कि जब वह वापस आई थीं, तो उनको छोड़ने साथ में एक युवक भी आया था। रात 2:12 बजे होटल छोड़ने आया युवक बाहर निकला। करीब 17 मिनट युवक होटल में रहा। पुलिस ने युवक की पहचान टिकरी के रहने वाले संदीप के रूप की है। वह आंकाक्षा को पहले से जानता था। फिलहाल, पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगा रही है कि आकांक्षा कहां और किस पार्टी में गई थी। उस पार्टी में ऐसा क्या हुआ था कि वहां से लौटने के बाद वह आत्महत्या करने को मजबूर हो गईं।

पुलिस के मुताबिक, आंकाक्षा ने होटल में आने के बाद इंस्टाग्राम पर रील अपलोड की। इसमें वह भोजपुरी सॉन्ग ‘हिलोर मारे’ पर बेली डांस कर रही थी। रील में यह बेहद खुश नजर आ रही थीं। उनके चेहरे पर किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं झलक रही थी। यह रील होटल के उसी कमरे की थी, जहां उनका शव मिला। हालांकि, कब की है यह क्लीयर नहीं हो पाया है। यानी, आंकाक्षा ने उसी रात बनाई थी या पहले से बनाई थी।

 

आंकाक्षा करीब 2:25 बजे इंस्टाग्राम पर लाइव हुई थीं। इस दौरान वह फूट-फूटकर रोते हुए नजर आई थीं। फिलहाल, यह वीडियो डिलीट हो चुका है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। आशंका है कि होटल आने के बाद अभिनेत्री ने किसी से फोन पर बात की। जिससे विवाद हुआ और उन्होंने भयानक कदम उठा लिया। यही नहीं, आकांक्षा ने घटना से करीब 23 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर स्टोरी पर एक शायरी भी पोस्ट की थी। शायरी थी…’देखेंगे राह तेरी चाहे जमाना लग जाए, या तो आ जाए तू या हम ही ठिकाने लग जाएं।’

पुलिस जब मास्टर चाबी से होटल के रूम के अंदर दाखिल होती है, तो अभिनेत्री का शव एक दुपट्‌टे से लटकता मिला । जैसे लग रहा था कि वह बेड पर बैठी हुई हैं। उनका एक पैर फर्श पर और एक बेड पर था। एक हाथ भी बेड पर था। यही नहीं , रूम की लाइट भी जल रही थी। इतना ही नहीं बाथरूम का नल भी खुला था। उनका मोबाइल चार्ज पर लगा हुआ था।

 

 समर सिंह से अफेयर और सोशल मीडिया पोस्ट से धोखा मिलने के संकेत
अभिनेत्री ने कुछ दिन पहले वैलेंटाइन डे पर अपना रिलेशनशिप ऑफिशियल किया था। उन्होंने अपने को-स्टार समर सिंह के साथ फोटो पोस्ट करते हुए हैप्पी वैलेंटाइन्स डे लिखा था। सुसाइड के बाद आकांक्षा का एक पुराना पोस्ट वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था, ‘मोहब्बत तो तुझसे थी, लेकिन तेरी मोहब्बत ने जोर से खींच के तमाचा मार ही दिया मुझे।’ उनकी फोटोज पर यूजर्स ने कमेंट्स भी किया था कि आखिर किसने उन्हें धोखा दे दिया?

घटना के बाद से सबसे बड़ा सवाल यह उभर कर आया है कि एक एक्ट्रेस जो अपने करियर की ऊंचाईयों को छू रही थी और अपनी अगली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थी, आखिर उसे ऐसा क्या सदमा लग गया कि उसने अपनी जान दे दी। पुलिस अब उनके मोबाइल की वॉट्सऐप और मैसेंजर चैट को खंगाल रही है।

रविवार सुबह मेकअप मैन ने आकांक्षा दुबे को फोन किया। फोन न उठाने पर मेकअप मैन होटल पहुंचा। वहां आकांक्षा के कमरे का दरवाजा बंद था। होटल के कर्मियों ने मेकअप मैन को बताया कि आकांक्षा ने सुबह से नाश्ते के लिए ऑर्डर नहीं दिया है। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया, तो उन्होंने पुलिस को बुलाया। मैनेजर ने पुलिस की मौजूदगी में मास्टर चाबी से दरवाजा खोला, तो आकांक्षा का शव पंखे से लटका मिला।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.