सुबह टहलने निकले दादा-पोते को ट्रैक्टर ने लिया चपेट में, एक परिवार से 2 सदस्यों की दर्दनाक मौत

 

 

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रेत के साथ गौण खनिज के परिवहन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। आज सुबह हुई एक घटना में एक परिवार के दो सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके के आक्रोशित लोगों ने कोरबा-चांपा मार्ग पर जमकर प्रदर्शन किया। नियंत्रण के लिए यहां पुलिस बल लगाया गया है।

कोतवाली थानांतर्गत सीतामणी राम-जानकी मंदिर के पास यह हादसा हुआ। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले दादा और पोते को मिट्टी से लोड एक ट्रेक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। सीतामणी निवासी वृद्ध विष्णुदेव ताती अपने पोते तीन वर्षीय चिराग ताती को लेकर सुबह घूमने के लिए निकला हुआ था जिन्हें सीतामणी राम मंदिर के पास ट्रेक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार उक्त घटना में दोनों को काफी चोटें आई। वहीं वाहन चालक घटना को अंजाम दे यहां से भाग निकला। आनन-फानन में पीडि़तों को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल ले जाया गया लेकिन चोट की अधिकता और शरीर से ज्यादा खून बह जाने के कारण उन्हें नहीं बचाया जा सका। इलाके में खबर फैलने के साथ क्षेत्र का वातावरण बिगड़ गया। आक्रोशित लोगों ने इस मामले को लेकर कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग सीतामणी तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। बताया जा रहा हैं की उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी इसमें शामिल हुए। वे मिट्टी सहित रेत के अवैध परिवहन पर लगाम लगाने की मांग कर रहे थे।

हादसे में दो लोगों की मौत होने की घटना ने सीतामणी क्षेत्र के लोगों को आक्रोशित कर दिया है। उन्होंने इस मसले को लेकर चक्काजाम किया। इसके नतीजन स्टेशन रोड, कोरबा  शहर और चांपा जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लाइन लग गई। खबर मिलने पर कोतवाली पुलिस यहां पहुंची। काफी संख्या में पुलिस बल लगाया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.