चार बच्चों की मां से घर में घुसे दरिंदे ने पहले किया रेप फिर शरीर पर थिनर डालकर लगा दी आग

 

 

बाड़मेर के बालोतरा में चार बच्चों की मां से घर में घुसे दरिंदे ने पहले रेप किया। फिर शरीर पर थिनर डालकर आग लगा दी। महिला जान बचाने के लिए चिल्लाती रही। महिला इतनी झुलस गई कि चमड़ी तक अलग होकर गिर गई। कपड़े शरीर से चिपक गए।

चिल्लाने की आवाज सुनकर जब परिवार मौके पर पहुंचा तो वह 50 फीसदी तक झुलस चुकी थी। घरवाले अस्पताल लेकर गए, लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका।

पीड़िता के गांव पहुंचा तो महिला के 4 बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो चुका था। बस मां के बारे में पूछ रहे थे। घर के आगे कुछ लोग बैठे थे। 8-10 महिलाएं भी थीं। मृतका व उसकी बहन दोनों के घर पास-पास हैं। उनके घर से थोड़ी ही दूरी पर आरोपी शकूर खान का घर व खेत है। आरोपी का घर टीले के ऊपर बना हुआ है।

पीड़िता के भाई ने बताया- गुरुवार को बहन का पति हमेशा की तरह काम पर बालोतरा चला गया। वहीं, बच्चे स्कूल गए हुए थे। दोपहर के समय करीब 2 बजे घर पर कोई नहीं था। पीड़िता घर के कमरे में काम कर रही थी। पड़ोसी शकूर (30) खान पुत्र कालू खान दबे पांव पीछे के रास्ते से घर में घुसा। फिर सीधे कमरे में पहुंच गया।

आरोपी ने महिला से रेप किया और चेहरे पर थिनर डाल कर जला दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर पीड़िता की बहन व परिजन आए, तब तक आरोपी वहां से फरार हो गया था।

थिनर साथ लेकर आया था आरोपी
मृतका के भाई ने बताया- आरोपी शकूर खान थिनर की बोतल साथ लेकर आया था। आरोपी शकूर खान खेती बाड़ी का काम करता है। उसके भी चार बच्चे हैं। दो लड़के और दो लड़कियां हैं।

बार-बार दिमाग में घूम रहा है वो दर्दनाक सीन
मौके पर सबसे पहले पहुंची पीड़िता की बहन ने बताया- मैंने मेरी आंखों से बड़ी बहन को जलते हुए देखा। तब से मेरी आंखों के सामने वही सीन घूम रहा है। दरिंदे ने बड़ी बेरहमी से मुंह पर थिनर फेंक कर जला दिया। वह कमर से ऊपर तक बुरी तरीके से जल गई थी।

तीन दिन से चूल्हा नहीं जला, बच्चे पूछ रहे- मां कहां है
पीड़िता के परिजनों ने बताया- बीते तीन दिनों से घर का चूल्हा नहीं जलाया है। शनिवार सुबह मौत की खबर आई। तब से लोग घर पहुंच रहे हैं। महिला के दो बेटे व दो बेटियां हैं। सबसे बड़ी 13 साल की है। वहीं, सबसे छोटे बेटे की उम्र 5 साल है। बच्चे दो दिन से ननिहाल में थे। शनिवार को करीब 11 बजे गांव लेकर आए। आए तब से बार-बार पूछ रहे हैं कि मां कहां है। परिजनों के पास कोई जवाब नहीं है।

पुलिस ने कमरे को किया सीज
वारदात वाले कमरे को पुलिस ने ताला लगाकर सीज कर दिया है। वहीं, कमरे से सबूत भी जुटा लिए हैं। पुलिस की टीम ने पीछे के रास्ते से आए आरोपी के पैरों के निशान को भी सबूत मानकर ढक दिया है।

यह है मामला
पुलिस ने बताया कि महिला के पति ने रिपोर्ट दी है कि वह बालोतरा में मजदूरी करता है। वह परिजनों सहित ढाणी में रहता है। गुरुवार को मजदूरी करने बालोतरा गया था। उसके दो बेटे व दो बेटियां स्कूल चले गए थे। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे परिजन का फोन आया कि उसकी पत्नी के साथ शकूर खान पुत्र कालू खान ने रेप कर अपने साथ लाए थिनर को डालकर आग लगा दी।

पीड़िता के चिल्लाने पर परिजन दौड़कर आए तब तक आरोपी भाग गया था। महिला ने बताया- करीब 2 बजे शकूर उसे अकेली देख ढाणी में घुस आया। जबरन खींचकर कमरे में ले जाकर रेप किया। चिल्लाने पर परिवार की महिला मौके पर पहुंची, मगर उसको धक्का देकर गिराने के बाद शकूर उस पर थिनर छिड़ककर आग लगा दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.