घर का खर्च मांगने पर पति ने पत्नी के सिर पर लोहे की बाल्टी से किया जानलेवा हमला

 

मेरठ में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में महिला को अपने पति से घर का खर्च मांगना भारी पड़ गया। पति ने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर पर गहरी चोट आई है। महिला ने थाना पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर की रहने वाली रूबी ने बताया कि उसकी शादी 6 साल पहले हारून के साथ हुई थी। हारून शराब पीने का आदी है और आए दिन नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता रहता है। रूबी का आरोप है कि शनिवार को पति हारून घर में शराब पीकर पहुंचा। घर में बच्चों के खाने पीने के लिए कोई भी सामान मौजूद नहीं था। हारून ने घर में आते ही रूबी से खाने के लिए मांगा। रूबी ने पति हारून से पैसे मांगे तो हारून आग बबूला हो गया। उसने लोहे की बाल्टी रूबी के सिर में दे मारी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पीड़िता किसी तरह जान बचाकर भागी तो पति ने रूबी के पीछे दौड़ लगा दी। खून से लथपथ रूबी थाने पहुंची। पुलिस ने पीड़िता को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। महिला ने आरोपी पति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.