भीलवाड़ा मार्ग पर 35 लोगों से भरी बस पलटी दो लोगो कि मौके पर हुई मौत और…

 

अजमेर के भीलवाड़ा मार्ग पर 35 लोगों से भरी बस पलट गई। इससे दो लोगों की मौत हो गई। 20 लोग घायल हो गए। घायलों को केकड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां से पांच की हालात गम्भीर होने पर अजमेर जवाहर लाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा ऊंगाई से भराई के बीच हुआ। बस कादेड़ा से केकड़ी की तरफ आ रही थी। अचानक पलटी खा गई।

हादसे में खवास के रहने वाले निरमा खारोल और पीपलाल के चेतन रेगर की मौत हो गई। दरअसल, बस कादेड़ा से पौने आठ बजे रवाना हुई थी। करीब सवा आठ बजे बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। प्राइवेट वाहनों से लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। बाद में एम्बूलेंस भी पहुंची। चेतन रेगर की मौके पर मौत हो गई। वहीं, निरमा ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया।

बस में सवार ज्यादातर लोग रोज अप-डाउन करने वाले थे। उसमें स्कूल-कॉलेज के बच्चे, सरकारी कर्मचारी व मजदूर शामिल हैं। जो केकड़ी जा रहे थे।

मृतक निरमा ननिहाल खवास में नाना किशन खारोल के पास रहती थी। केकड़ी से बीएसटीसी (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट) कर रही थी। मूलत रोंपा-पारोली (भीलवाड़ा) की रहने वाली है। वह खवास से रोजाना केकड़ी अपडाउन करती थी। वहीं, दूसरा मृतक चेतन रेगर बस का ड्राइवर था।

केकड़ी डीएसपी खींवसिंह राठौड़ ने बताया- बस में करीब 35 सवारियां थीं। बस अचानक चलते हुए पलट गई। क्या कारण रहे, ये तो मैकेनिकल मुआयना के बाद पता चल सकेगा। दो की मौत हुई। पांच गम्भीर घायल हैं। अन्य लोगों को मामूली चोटें लगी। पुलिस कारणों की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शी गोपाल लाल खटीक ने बताया- केकड़ी से छह किलोमीटर दूर हादसा हुआ। स्टेयरिंग फ़ैल हुआ या अन्य कोई कारण। यह पता नहीं चल पाया।

17 वर्षीय गंभीर घायल रोहित ने बताया- वह काम के लिए केकड़ी जा रहा था। इस दौरान बस अचानक पलट गई और उन्हें पता ही नहीं चला कि मौके पर क्या हो गया।

कांग्रेस नेता शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा- पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा को हादसे की सूचना मिलते ही उनके द्वारा हॉस्पिटल प्रशासन को बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। मरीजों के इलाज के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हादसा कैसे हुआ यह अभी क्लियर नहीं हो पाया है, इसे लेकर के जांच की जा रही है।

दिलखुश पुत्र रामदेव बैरवा ( 20) खेड़ी गोपालपुरा, मुन्ना राम पुत्र रामदेव खटीक(43) निवासी खवास, केकड़ी, रामनिवास बैरवा पुत्र रामलाल बैरवा निवासी खेड़ी गोपालपुरा, रोहित पुत्र कानाराम ( 17) गोपालपुरा को, श्यामलाल लाल बैरवा (22) अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया है।

हादसे की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, पुलिस उप अधीक्षक खींवसिंह राठौड़, सदर थाना प्रभारी मोतीलाल शर्मा, कांग्रेस नेता राजेंद्र भट्ट, हेमंत जैन, पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू समेत कई लोग अस्पताल पहुंच गए। घायलों के उपचार में मदद की।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.