हर्षोल्लास के साथ मनाई भगवान परशुराम की जयंती – गाजे-बाजे के बीच निकली शोभा यात्रा, परशुराम संवाद में जुटी भीड़ – भंडारे में भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

फतेहपुर। ब्राम्हण चेतना सेवा संस्थान के तत्वाधान में भगवान परशुराम जयन्ती धूमधाम से मनायी गयी। समाज के लोगों ने पूजन कर भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। समाज के लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम-सौहार्द बढ़ता है और एकजुटता भी बढ़ती है। इस तरह के आयोजन समय-समय पर होते रहना चाहिए। बग्घी पर सवार परशुराम की भूमिका में जाने-माने विद्वान कानपुर के राम बाबू द्विवेदी आकर्षण का केन्द्र रहे। जो बग्घी सुगंधित पुष्पों के बीच लोगों को आशीर्वाद देते रहे। परशुराम की भूमिका निभाने वाले पं0 राम बाबू द्विवेदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि सजातीय बंधु सदाचारी के साथ-साथ शाकाहारी बनें। उन्होने कहा कि सजातीय बंधु सभी वर्ग के गरीब, असहाय व वंचितों की मदद कर न्याय दिलाने का काम करें। उन्होने कहा कि ब्राम्हण वही है जो दूसरों के काम आये।
शहर के कलक्टरगंज स्थित कमल किशोर तिवारी के हाता में ब्राम्हण चेतना सेवा संगठन के तत्वाधान में भगवान परशुराम जयन्ती समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सुबह से ही समाज के लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भगवान परशुराम का पूजन-अर्चन किया। तत्पश्चात आचार्यों ने वेद मंत्रों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना करवायी। उपस्थित जनसमुदाय ने भगवान परशुराम के जोशीले जयकारे लगाये जिससे समूचा वातावरण गुंजायमान हो गया। पूजा-अर्चना के बाद भगवान परशुराम के जोशीले नारों के बीच शोभा यात्रा निकाली गयी। जिसमें कीर्तन पार्टी द्वारा भजन-कीर्तन कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए माहौल को भक्तिमय बना दिया जिससे उपस्थित जन मंत्र-मुग्ध हो गये और थिरकते हुए शोभा यात्रा की अगवानी की। इस मौके पर शोभा यात्रा का समाज के लोगो द्वारा जगह-जगह स्वागत एवं पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा तत्पश्चात् भगवान परशुराम का उद्बोधन हुआ। उद्बोधन के दौरान उन्होने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन अत्यंत कठिन था। उन्होने कहा कि माता एवं पिता की मृत्यु का बदला लेने के लिए उन्होने परशु का प्रयोग किया। उन्होने कहा कि लोगों के बीच चर्चा में अक्सर सुना जाता है कि उन्होने धरती से इक्कीस बार क्षत्रियों का संहार किया, किन्तु यह सत्य नही है। उन्होने कहा कि भगवान परशुराम ने समाज में वैमन्स्यता फैलाने वाले पापियों का संहार कर धरती को 21 बार पाप से मुक्त कराया था। कार्यक्रम के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें सर्व समाज के लोगो ने भगवान परशुराम का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा। शोभा यात्रा कलक्टरगंज से निकली इसके बाद वर्मा चौराहा, आईटीआई रोड, पटेल नगर, शादीपुर, स्टेशन रोड, हरिहरगंज होते हुए वापस कलक्टरगंज के कमल तिवारी के हाता में समाप्त हुई। शादीपुर चौराहे पर समाजसेवी संतोष तिवारी ने यात्रा में मंचासीन भगवान परशुराम की आरती उतारी और प्रसाद तिवरण किया। इस मौके पर भिटौरा ब्लाक प्रमुख अमित तिवारी, मनोज त्रिवेदी, संस्थान के अध्यक्ष संजय तिवारी, अनुराग मिश्रा, राजेंद्र त्रिवेदी, शिवाकांत दीक्षित, डीपी दुबे, विनय तिवारी, शिवाकांत तिवारी, अनिल तिवारी, सुरेश शुक्ला, सुधाकर अवस्थी, नगर अध्यक्ष वीके शुक्ला, अनुराग त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.