B.Tech पास महिला से 6 साल में 7 बार रेप-गैंगरेप, पीड़िता ने कराए 10 केस, आरोपी- डॉक्टर से लेकर पुलिस वाले और बिजनेसमैन

 

 

जयपुर के 10 अलग-अलग थानों में एक ही महिला ने 10 मामले दर्ज कराए। इनमें 7 मामले रेप, 1 गैंगरेप और 2 छेड़छाड़/मारपीट के हैं। जिन लोगों पर आरोप है, उनमें कोई डॉक्टर है तो कोई पुलिसवाला। कोई बिजनेसमैन तो कोई सरकारी अफसर। रेप के इस हैरान कर देने वाले मामले का एक दूसरा पहलू भी है। खुद 10 मामलों की पीड़िता के खिलाफ भी ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपए मांगने का मुकदमा दर्ज है।

दोस्ती, छेड़छाड़, रेप और ब्लैकमेलिंग!
31 साल की रूबी(बदला हुआ नाम) बीटेक पास है। उसके पिता पुलिस में हैं और मूल रूप से अलवर की रहने वाली है, लेकिन साल 2016 से परिवार छोड़कर जयपुर में अलग रह रही है।

महिला ने जिनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए, उनमें से 2 सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। एक आरोपी 2 साल तक की जेल काट चुका है।

रूबी ने सबसे आखिरी मुकदमा जून 2022 को जयपुर के महेश नगर थाने में करवाया था। इसी केस की फाइल खंगालने पर पता चला कि महिला खुद ब्लैकमेल के एक केस में आरोपी है।

उस पर पुलिस काॅन्स्टेबल ने ही धमकी देकर 15 लाख रुपए मांगने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगा रखा है।

सोशल एक्टिविस्ट दीपिका नारायण भारद्वाज ने केस दर्ज कराने वाली महिला पर संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने डीजीपी उमेश मिश्रा को लिखित शिकायत देकर कहा है कि महिला, युवा लड़कों को ‘हनीट्रैप’ में फंसाती है। इस शिकायत के बाद डीजीपी ने फिर से इन्वेस्टिगेशन की बात कही है।

क्यों शक पैदा कर रहे ये सारे मामले?
12 फरवरी 2021 को रूबी ने अपने ही क्लासमेट रहे सरकारी बैंक कर्मचारी शंकर मीणा (बदला हुआ नाम) पर पचोर (मध्य प्रदेश) में मुकदमा दर्ज कराया कि वह पिछले पिछले 7 सालों से शादी का झांसा देकर रेप कर रहा है।

इससे एक महीना पहले ही वह जयपुर के शिप्रापथ थाने में एक शख्स के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज करवा चुकी थी। उसमें भी दो साल तक शादी का झांसा देकर रेप के आरोप लगाए।

इसी तरह जून 2021 में भी उसने जयपुर के चित्रकूट थाने और फिर महेश नगर थाने में दो युवकों के खिलाफ तीन दिन में 2 मुकदमे दर्ज करवाए। पहला मामला 12 जून को चित्रकूट थाने में दर्ज हुआ।

इसके महज 3 दिन बाद ही किसी दूसरे शख्स के खिलाफ महेश नगर थाने में भी मामला दर्ज करवाया। दोनों मामलों में पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ साल भर से शादी का झांसा देकर रेप और मारपीट के आरोप लगाए।

10 में से 3 मुकदमों में लगी FR, किसी में भी रेप की पुष्टि नहीं
अब तक कुल 10 में से 3 मामलों में आरोप तथ्यहीन पाए गए, इसलिए संबंधित थाना अधिकारियों ने जांच कर फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी थी। किसी भी मामले में रेप की पुष्टि नहीं हुई है।

जिन केस में रेप की पुष्टि नहीं हुई, उसमें एक मामला कानोता थाने में 4 मई 2019 को दर्ज हुआ। दूसरा शिप्रापथ थाने में जनवरी 2021 को दर्ज हुआ और तीसरा महेश नगर में जून 2022 को दर्ज हुआ।

हालांकि रूबी की अपील पर कई मामलों में फाइनल रिपोर्ट लगने के बावजूद उनके फिर से खोलने की प्रोसेस चल रही है।

सिलसिलेवार पढ़िए युवती के दर्ज कराए हुए केस…

केस-1-2 : रेप के आरोप साबित नहीं, लड़का 2 साल जेल में रहा
महिला के आराेप :
 6 महीने तक गुमराह कर रेप किया। इसकी रिपोर्ट बगरू थाने में दर्ज कराई। 2 सितंबर को 200 फीट बाईपास के पास आरोपी महेश ने मारपीट की थी, जिसकी FIR श्याम नगर थाने में दर्ज करवाई थी।

आरोपी के एडवोकेट राजकुमार ने बताया कि दोनों एक ही कंपनी में जॉब करते थे। रूबी ने ही आगे से उसे प्रपोज कर रिलेशन बनाए। उसके बाद ब्लैकमेल करने लगी। रेप के आरोप तो सिद्ध नहीं हुए, इस मामले में कोर्ट ने आरोपी को बरी कर दिया।

छेड़छाड़ के मामले में आरोपी करीब 2 साल जेल में रहा। आज स्थिति ये हुई कि पुराने परिचितों को छोड़ना उसकी मजबूरी बन गया। जेल में रहने के कारण समाज में हुई बदनामी के कारण वह सबसे दूर हो गया।

केस-3 : पहले रेप, फिर 3 मंजिल से नीचे फेंका
केस में पीड़िता के आरोप : 
ज्योति नगर थाने में रूबी ने 13 अक्टूबर 2018 को विमल शर्मा (बदला हुआ नाम) के खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्ज करवाई। गांधी नगर निवासी विमल शर्मा राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था।

मई 2018 में happen नाम की वेबसाइट के जरिए विमल और रूबी की दोस्ती हुई। मुलाकात हुई तो हम एक-दूसरे को पसंद करने लगे। विमल ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में रेप किया। विरोध किया तो शादी का झांसा दिया। अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल कर रेप किया। प्रताड़ना का विरोध किया तो विमल ने हॉस्टल की छत से 3 फ्लोर से नीचे फेंक दिया।

होश आने पर विमल ने अपने दो दोस्तों के साथ मुझे SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवा रखा था। हिप बोन में 4 फ्रेक्चर और फेस पर 3 जगह टांके थे। हाथ फ्रैक्चर होने से ऑपरेशन भी हुआ।

आरोपी पक्ष का दावा : इस मामले में आरोपी विमल शर्मा ने बताया कि दोनों की ऐप के जरिए दोस्ती हुई थी, लेकिन बातों में ही उसने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था।

करीब 15 दिनों में ही उसने रूबी से दूरी बना ली थी। उसने फोन कर आखिरी बार मिलने की कहकर मुझे बुलाया। मैंने मना किया तो इस दौरान वह नीचे गिरने से चोटिल हो गई है।

जब पता चला तो मैंने खुद उसे हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। जिस डॉक्टर ने उसका इलाज किया, उसने बाद में उसे भी एक केस में आरोपी बना दिया।

वह शादी करने का दबाव बना रही थी। मना किया तो रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रुपए की मांग की। इस पर मैंने नवंबर 2018 में मैंने रूबी के खिलाफ ज्योति नगर थाने में मामला दर्ज करवाया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

डिपार्टमेंट को शिकायत मिलने पर मुझे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। विमल शर्मा ने बताया कि महिला ने कुछ बदमाशों को रुपए देकर उस पर हमला भी कराया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.