भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गौरव तिवारी के घर में चोरो ने 35 लाख के गहनों की लूट और…

 

झांसी में भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गौरव तिवारी के घर में 35 लाख से अधिक के गहने और करीब दो लाख रुपए कैश चुराकर ले गए। जिस समय यह वारदात हुई उस समय एडीजी आलोक सिंह मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की ब्रीफिंग कर रहे थे। योगी के झांसी आने से चंद घंटे पहले हुई इस वारदात ने पुलिस अफसरों की बेचैनी बढ़ा दी है।

घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के शिवपुरी रोड स्थित एक पॉश कॉलोनी में हुई। भाजयुमो उपाध्यक्ष गौरव तिवारी ठेकेदारी भी करते हैं। उनके माता-पिता बाहर रहते हैं। फ्लैट में वह दादी और एक नौकर के साथ रहते हैं। सोमवार को भाजपा की वाहन रैली निकलनी थी। वह दादी को दोपहर करीब 12 बजे केके पुरी कॉलोनी में बुआ के पास छोड़कर नौकर को लेकर वाहन रैली में गए थे।

शाम करीब 4 बजे गौरव का एक दोस्त घर पहुंचा तो ताला टूटा दिखा। उसने यह बात गौरव को बताई। थोड़ी देर में गौरव भी घर पहुंचे तब बाहर के गेट समेत अन्य कमरों का ताला भी टूटा था। उन्होंने अंदर पहुंचकर देखा तब नीचे और ऊपर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश एक लॉकर अपने साथ ले गए, जबकि दूसरे लॉकर से गहने और कैश चुराकर ले गए।

गौरव के मुताबिक लॉकर में करीब 35 लाख रुपए के गहने रखे थे। इनमें सोने के लॉकेट, हार, सोने की चूड़ियां, अंगूठी, सोने के सिक्के समेत अन्य जेवरात शामिल हैं। यह उनकी शादी के लिए मां ने जुटाए थे।

सोमवार दोपहर को चोर जब सीपरी बाजार इलाके की पॉश कॉलोनी में घुसकर ताले चटका रहे थे, उसी दौरान एडीजी जोन आलोक सिंह पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर ब्रीफिंग कर रहे थे। इस ब्रीफिंग में जनपद के सभी थानेदार समेत पुलिस अफसर भी मौजूद थे। उसी दौरान बदमाशों ने मौके का फायदा उठाकर घर का ताला चटका दिया।

भाजपा के महापौर उम्मीदवार के पक्ष में सोमवार को बाइक रैली निकाली जानी थी। इस रैली में हिस्सा लेने के लिए ही भवन स्वामी गौरव तिवारी रोहित के साथ गए थे। रैली में शामिल होने के दौरान ही शाम करीब चार बजे उनको जब दोस्त ने सूचना दी तब वह तुरंत वापस लौट आए।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। इसमें दो संदिग्ध युवक नजर आए। यह दोनों ही युवक एक लग्जरी कार में सवार होकर वहां पहुंचे थे। इसके बाद थोड़ी दूर कार पार्क करके चारदीवारी को फांदकर अंदर घुस गए और चोरी की। आशंका जताई जा रही कि इस वारदात में किसी करीबी के हाथ है। इन बदमाशों को पहले से ही मालूम चल गया था कि परिवार के लोग बाहर गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.