किशोरी से दो युवकों ने की दुष्कर्म की कोशिश, पुलिस सुलह का बना रही दबाव कार्रवाई न होने पर परिवार ने एसपी से की शिकायत

✍️ मलय पांडेय ✍️
फतेहपुर। किशोरी से दो युवकों ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। किशोरी ने थाने में शिकायत की तो पुलिस सुलह का दबाव बनाने लगी। पुलिस पर आरोपियों से मिले होने का भी आरोप लगाया है। मामले में एक सप्ताह के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर किशोरी की मां मंगलवार को एसपी आफिस पहुंची और एसपी को शिकायती पत्र दिया है। मलवां थाना क्षेत्र के एक गाँव की रहने वाली महिला ने शिकायती पत्र में बताया कि वह 25 अप्रैल को अपने मायके चली गई थी। घर पर उसकी 16 वर्षीय पुत्री अकेली थी। रात में एक रिश्तेदार युवक ने फोन कर किशोरी को घर के पीछे बुलाया। किशोरी रिश्तेदार समझ कर चली गई। वहां पर रिश्तेदार का एक और साथी पहले से मौजूद था। दोनों लोग उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। आरोपी जबरन उसे पकड़ कर अपने घर ले गए। वहां पर किशोरी से दोनों लोग दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगे। किशोरी शोर मचाते हुए किसी तरह वहां से भाग आई। किशोरी ने दूसरे के फोन से उसे सूचना दी। वह रात में घर पहुंची और किशोरी को लेकर थाने में शिकायत की। पुलिस आरोपियों को पकड़ लाई। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को तीन दिन तक थाने में बैठा रखा इसके बाद लेन देन कर आरोपियों को छोड़ दिया और सुलह करने का दबाव बनाने लगी। सुलह न करने पर झूठे मुकदमे में फसाने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट तक नही दर्ज की। महिला ने एसपी से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.