शादी के दिन दुल्हे ने दुल्हन को उतारा मौत के घाट ब्यूटी पार्लर ले जाने के बहाने बुलाया और…

 

लखनऊ में दूल्हे ने शादी के दिन दुल्हन की हत्या कर दी। उसने लड़की को ब्यूटी पार्लर ले जाने के बहाने बुलाया। कुकरैल पिकनिक स्पॉट के जंगल में दुपट्‌टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव वहीं छिपा दिया। लड़की के घरवालों ने महानगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने लड़की की कॉल डिटेल की छानबीन की। लड़की के गायब होने के दिन यानी 4 मई को आखिरी कॉल उसी लड़के की निकली, जिससे उसकी शादी होनी थी। लोकेशन कुकरैल के आस-पास की मिलने के बाद शक हुआ। पुलिस ने लड़के को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।

लड़के ने पहले तो पुलिस को गुमराह किया, लेकिन फिर अपने ही बयानों में फंसता चला गया। बाद में हत्या का कबूलनामा भी दिया। फिलहाल पुलिस ने दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है।

कोमल के पिता संजय कुमार कश्यप पुराना महानगर घोसियाना में रहते हैं। वो गुब्बारा विक्रेता हैं। उन्होंने बताया, ‘बेटी कोमल (22) की शादी 4 मई को रायबरेली के राहुल से होने वाली थी। राहुल कुर्सी रोड पर इलेक्ट्रानिक की दुकान चलाता है।’

संजय ने बताया, ‘शादी के दिन घर से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कह कर कोमल निकली थी। उसने हमें नहीं बताया कि वो राहुल के साथ जा रही है। कई घंटे बीत जाने के बाद जब बेटी घर नहीं लौटी, तो राहुल को फोन किया गया। उसने किसी तरह की जानकारी से मना कर दिया। इसके बाद हमने महानगर थाने में बेटी के गायब होने की तहरीर दी।’

पिता ने कहा, ‘बेटी के गायब होने के बाद महानगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद हम लोगों ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। सोमवार यानी 8 मई को एक परिचित की मदद से ‘शादी के दिन दुल्हन लापता’ मैसेज सोशल मीडिया में पोस्ट कराया। जब पोस्ट वायरल होने लगी तो पुलिस हरकत में आई। बेटी की कॉल डिटेल और लास्ट लोकेशन निकलवाई तब मामले का खुलासा हुआ।

संजय कश्यप बेटी की मौत की खबर सुनने के बाद से बेसुध है। उनका कहना है,’अगर बेटी से शादी नहीं करना चाहता था, तो मना कर देता। इससे बेटी कम से कम जिंदा तो होती। बेटी के कहने पर राहुल के साथ रिश्ता तय किया था। दोनों एक दूसरे को पसंद करते थे। उनकी कैसे मुलाकात हुई मुझे पता नहीं।’

DCP सेंट्रल अपर्णा रजत ने बताया,’आरोपी राहुल कोमल से शादी नही करना चाहता था। इसके चलते राहुल ने 4 मई को कोमल को मिलने के लिए बुलाया था। कुकरैल ले जाकर उसकी हत्या कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।’

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.