30 हजार सैलरी वाली इंजीनियर के घर आई 30 लाख की टीवी, 7 करोड़ की मिली प्रॉपर्टी और…

 

मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन में प्रभारी सहायक यंत्री (संविदा) हेमा मीणा के ठिकानों पर गुरुवार को लोकायुक्त का छापा पड़ा है। भोपाल के बिलखिरिया स्थित आवास, फार्म हाउस समेत 3 ठिकानों पर सर्च सुबह 6 बजे से जारी है। घर में 30 लाख की LED लगा रखी थी। लग्जरी लाइफ की शौकीन है। फार्म हाउस पर 100 देसी-विदेशी ब्रीड के डॉग्स पाल रखे हैं। 20 लग्जरी कार खड़ी मिलीं। खुद को IPS बताती है। बंगले के कर्मचारियों से बात करने के लिए वॉकी-टॉकी का यूज करती है।

मीणा की मंथली सैलरी 30 हजार रुपए है। अब तक की जांच में 7 करोड़ रुपए कीमत की बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है। यह आय से 232% ज्यादा है। भोपाल के बिलखिरिया में हेमा मीणा ने अपने पिता के नाम 20 हजार वर्ग फीट जमीन खरीद रखी है। इस पर 1 करोड़ की लागत से आलीशान बंगला बनवाया है। भोपाल, रायसेन और विदिशा के कई गांवों में भी जमीन खरीदे जाने के दस्तावेज मिले हैं। हार्वेस्टर, धान बुवाई मशीन, ट्रैक्टर और खेती में काम आने वाले इंस्ट्रूमेंट खरीदी के भी डॉक्यूमेंट्स बरामद हुए हैं। मीणा के खिलाफ 2020 में आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी।

लोकायुक्त SP मनु व्यास ने बताया कि हेमा मीणा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस किया गया है। विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम भोपाल से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई शुरू की गई है।

लोकायुक्त SP मनु व्यास ने बताया, गुरुवार सुबह 6 बजे हमारी टीम हेमा के बिलखिरिया स्थित बंगले पर पहुंची। टीम को हेमा के कर्मचारियों ने रोकने का प्रयास किया। तब टीम ने बताया कि वह पशु विभाग से हैं। सोलर पैनल चेक करना है। इस पर कर्मचारियों ने बंगले में टीम को जाने दिया। अंदर हेमा मिली। उसे जांच की बात कहकर एक कमरे में बैठा दिया गया। उसके मोबाइल तक रख लिए गए। लोकायुक्त टीम के अलावा राजस्व, पशुपालन की 50 लोगों की टीम जांच कर रही है। उसके ऑफिस से भी दस्तावेज बरामद किए हैं।

हेमा मूलत: रायसेन जिले के चपना गांव की रहने वाली है। 2016 से वह पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन में पदस्थ है। इससे पहले वह कोच्चि में पदस्थ रह चुकी है। यानी हेमा करीब 13 साल से नौकरी में है। उसकी सैलरी के हिसाब से अधिकतम 15 से 18 लाख रुपए तक की संपत्ति होनी चाहिए, लेकिन शुरुआती जांच में ही उसके पास 7 करोड़ रुपए की संपत्ति मिल चुकी है। अभी बैंक, अन्य दस्तावेज, जेवर की जांच का मूल्यांकन नहीं हुआ है। लोकायुक्त टीम को इसकी जांच में दो दिन से अधिक का वक्त लग सकता है।

हेमा अपने पति को तलाक दे चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन जॉइन किया। बताया जा रहा है कि यहां के एक सीनियर इंजीनियर से उनकी अच्छी ट्यूनिंग रही है। तब से उसकी संपत्ति में तेजी से इजाफा होने लगा। बताया गया कि उसके पिता रामस्वरूप मीणा छोटे किसान हैं। जब से बेटी इंजीनियर के संपर्क में आई, इसके बाद उनके नाम से कई एकड़ कृषिभूमि खरीदी। लोकायुक्त टीम सीनियर इंजीनियर से भी पूछताछ करेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.