गाड़ी चलाते हुए लड़की से हंसी मजाक कर रहा था ड्राइवर, ट्राले और बस में हुई भिड़ंत, पांच की मौत, 13 घायल

 

शाजापुर में मक्सी-उज्जैन मार्ग पर बुधवार रात करीब साढ़े 3 बजे एक बस और ट्राले में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक मां-बेटी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 13 घायलों को उज्जैन ले जाया गया है। बस माधवगढ़ (जालौन, उत्तर प्रदेश) से अहमदाबाद जा रही थी। मृतक UP के रहने वाले थे। घटनास्थल पर जान गंवाने वालों में दो महिलाएं एक ही परिवार की थीं। दोनों शादी में शामिल होने गुजरात के अहमदाबाद जा रही थीं। दोनों बस में आगे की सीट पर बैठी हुई थीं।

मक्सी थाने के SI दीपेश व्यास ने बताया कि दोंगता के पास बस और उज्जैन की ओर से आ रहे ट्राले में सामने-सामने भिड़ंत हो गई। राम जानकी पति परमात्मा शरण और मीरा बाई पति गणेश प्रसाद प्रजापति और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। सुमित्रा देवी (35) और राधा (12) दोनों मां-बेटी ने अस्पताल में दम तोड़ा। केस दर्ज कर लिया गया है। शवों को शाजापुर जिला अस्पताल भिजवाया गया है। 60 से 62 सवारी सफर कर ही थी, जिनके नाम हमें पता चले हैं। हादसे की जानकारी लगते ही तराना, कायथा और मक्सी का बल मौके पहुंच गया था।

बस आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई

मक्सी थाना प्रभारी गोपाल सिंह चौहान ने बताया हादसे की सूचना सुबह करीब 5 बजे मिली थी। मौके पर पहुंचा तो शारदा ट्रेवल्स की बस UP 75 AT 4799 ट्राले में घुसी हुई थी। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। कुछ घायल बाहर सड़क पर पड़े थे, जबकि ज्यादातर बस के भीतर थे। कुछ यात्री उन्हें बाहर निकाल रहे, तो कुछ अपना सामान समेट रहे थे।

अचानक जोर का झटका लगा और बेहोश हो गया…

गोरा-भूपका जिला जालौन उत्तर प्रदेश के रहने वाले गणेश प्रजापति ने बताया कि हमारी पहली नंबर की सीट थी। मेरी पत्नी और भाई की बहू एक सीट पर और मैं और भाई साइड वाली दूसरी सीट पर अलग-अलग बैठे हुए थे। अचानक से जोर का झटका लगा। मैं कुछ समझ पता, इसके पहले बाहर गिर गया और बेहोश हो गया। गांव के ही लोग जो बस में सफर कर रहे थे, उन्होंने पानी डाला तो मुझे होश आया। सामने भाई लहूलुहान पड़ा था। उसे एम्बुलेंस लेकर चली गई। साइड में बहू और पत्नी घायल पड़ी हुई थीं। यह देखकर मैं फिर से बेहोश हो गया। पुलिसवालों ने फिर से पानी डालकर उठाया।

शादी में शामिल होने अहमदाबाद जा रहा था परिवार

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों में राम जानकी, मीरा समेत तीन महिलाएं हैं। इनमें से उत्तर प्रदेश के गोरा भूपका का रहने वाला प्रजापति परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए अहमदाबाद जा रहा था। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि बस चालक को नींद की झपकी आ गई थी। इस कारण वह बस को नियंत्रित नहीं रख पाया और हादसा हो गया।

बस ड्राइवर की लापरवाही से बहन की मौत हो गई

यात्री हिमांशु ने बताया कि उत्तर प्रदेश के माधौगढ़ से मैं अपने माता-पिता और बहन के साथ बस में चढ़ा था। हम सभी अहमदाबाद जा रहे थे। बस में 60 से 70 लोग सवार रहे होंगे। ड्राइवर काफी तेजी से बस को दौड़ा रहा था। रात का समय था, इसलिए सभी सो रहे थे। अचानक से जोर का झटका लगा तो मेरी आंख खुली तो देखा बस एक ट्राले से टकरा गई थी। आंखों के सामने अंधेरा सा छा गया। पास में देखा तो मां-पापा और बहन लहूलुहान पड़े हुए हैं। मां-पापा के साथ ही बहन बुरी तरह से सीट के बीच में फंस गई थी। जैसे-तैसे उन्हें निकालकर उज्जैन अस्पताल लेकर आए, जहां 12 साल की छोटी बहन को मृत घोषित कर दिया गया। मां और पापा के भी दोनों पैर बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। मां का तो पैर टूट सा ही गया था। बस ड्राइवर की लापरवाही से ही मेरी बहन की मौत हुई है।

यात्री बोला- ड्राइवर लड़की से बात कर रहा था और हादसा हो गया

यात्री मानवेन्द्र ने बताया कि मेरी पहली बार नौकरी लगी थी। बड़े उत्साह से अपने चाचा के लड़के और भतीजे के साथ अहमदाबाद जा रहा था। गुरुवार को पहुंचना था। शुक्रवार से एक फैक्ट्री में नौकरी जॉइन करना है, लेकिन इससे पहले एक्सीडेंट हो गया। मैं रात को जाग रहा था। मैंने देखा कि बस ड्राइवर गाड़ी काफी तेज चला रहा था। मक्सी से पहले उसने ढाबे से एक लड़की को अपने केबिन में बैठा लिया था। ड्राइवर गाड़ी चलाते हुए लड़की से हंसी मजाक कर रहा था। ऐसे में उसका ध्यान भटक गया और बस ट्राले से टकरा गई। वहीं ड्राइवर ने लड़की से हंसी मजाक को लेकर कहा कि ऐसे तो कई यात्री केबिन में बैठते हैं। ड्राइवर के दोनों पैर फ्रैक्चर है।

1. मीराबाई पति गणेश प्रसाद प्रजापत (45) निवासी गोरा भूपका, थाना गोहन जिला जालोन, उत्तर प्रदेश (मौके पर मौत) 2. राम जानकी पति परमात्मा शरण (40) निवासी गोरा भूपका थाना गोहन जिला जालोन, उत्तर प्रदेश (मौके पर मौत) 3. राधा पिता रामकिलोनी (18) निवासी पुशरामा, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश (अस्पताल में मौत) 4. सुमित्रा पति रामकिलोनी (50) निवासी पुशरामा, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश (अस्पताल में मौत)

5. एक अज्ञात पुरुष (मौके पर मौत)

ये यात्री हुए घायल

  1. संदीप (25)
  2. अमित (28)
  3. परमात्मा (50)
  4. नीरू (22)
  5. कौशल्या (38)
  6. शीला (32)
  7. पुष्पा देवी(40)
  8. अंजलि (13)
  9. काजल (16)
  10. गोपाल (25)
  11. केदार सिंह (34)
  12. गोपाल पोरवाल (30)
  13. राम किलोनी (51)
Leave A Reply

Your email address will not be published.