पुलिस वाले ने महिला के बाल पकड़कर उसे लात-घूसे मारे फिर वहीं महिला कांस्टेबल ने उसे उठाकर जमीन पर पटका

 

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक पुलिस वाले ने महिला के बाल पकड़कर उसे लात मार दी। इतना ही नहीं एक महिला पुलिसकर्मी ने उसे जोर से जमीन पर पटक दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। पूरा मामला अतिक्रमण हटाने से जुड़ा है। जिसके चलते महिलाओं ने विवाद किया था। इसके बाद यह वाक्या हुआ है।

यह पूरा मामला तिलसीवा गांव का है। वायरल वीडियो में प्रधान आरक्षक प्रदीप उपाध्याय महिला को लात मारता नजर आ रहा है। इसके अलावा कुछ दूसरे पुलिसकर्मी महिलाओं को दौड़ा रहे हैं। असल में तिलसीवा गांव में 18 से ज्यादा लोगों ने गौठान की जमीन पर कब्जा कर रखा था। जिसके चलते प्रशासन की टीम ने इन्हें नोटिस भी जारी किया था। मगर जब इन्होंने कब्जा खाली नहीं किया, तब प्रशासन की टीम बुधवार को यहां अतिक्रमण हटाने गई थी।

बताया गया इसी दौरान महिलाओं ने प्रशासन से जमकर बहस किया। उन्हें गाली दी। अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव भी कर दिया था। जब तहसीलदार वर्षा बंसल प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने के लिए पहुंचीं, तब उन्होंने तहसीलदार का भी घेराव कर दिया और उनसे बदतमीजी करने लगीं। उन्हें कुछ देर के लिए बंधक भी बना लिया था। इसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फिर महिलाओं को हिरासत में लिया गया था।

उधर, इस मामले में हमने एसपी से भी बात की। मगर उन्होंने कहा है कि उन्हें मारपीट के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। वहीं एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह ने कहा है कि कुछ बाहरी तत्वों ने ही हमला किया किया था। उस संबंध में केस भी दर्ज किया गया है।

इसके पहले 15 मई को भी जिला प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने तिलसुवां गांव पहुंची थी। जहां गांव के ही दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। जिसमें कई महिलाओं को चोटें आई थीं। इस मामले में भी पुलिस ने 12 से ज्यादा महिलाओं पर अपराध दर्ज किया था। जिसकी जांच अभी चल रही है। 24 मई की घटना में भी वही महिलाएं शामिल हैं, जिन्होंने पहले गांव की महिलाओं के साथ मारपीट की थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.