एशियाना एयरलाइंस की फ्लाइट में मौजूद यात्री ने 700 फीट की ऊंचाई पर विमान का खोला दरवाजा, यात्रियों को साँस लेने में हुई दिक्कत

 

साउथ कोरिया में शुक्रवार को एशियाना एयरलाइंस की फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने विमान का दरवाजा खोल दिया। फ्लाइट को लैंड होने में 2 मिनट ही बाकी थे, तभी यात्री ने इमरजेंसी डोर खोल दिया। उस समय विमान 700 फीट की ऊंचाई पर था। गेट खोलने वाले यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।

विमान में 6 क्रू मेंबर्स और 194 यात्री सवार थे। इस दौरान 12 यात्री घायल हो गए। एक चश्मदीद ने कहा- अचानक से ऐसा लगा की विमान में धमाका होने वाला है। दरवाजे के पास बैठे यात्री बेहोश होने लगे। कुछ समझ नहीं आ रहा था। फ्लाइट में बच्चे भी थे। वो रो रहे थे। कुछ तो डर से कांप रहे थे।

एक अन्य यात्री ने कहा- एक शख्स ने फ्लाइट का दरवाजा खोल दिया। वो फ्लाइट से बाहर कूदने की कोशिश कर रहा था। वहीं, पुलिस ने कहा- हमने इस मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ जारी है। उसने शराब नहीं पी थी। हालांकि, उसने ऐसा क्यों किया इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।

एअरबस A321-200 की OZ8124 फ्लाइट ने जेजू द्वीप से डेगू शहर जाने के लिए भारतीय समय के मुताबिक, सुबह 9:15 पर उड़ान भरी थी। एक घंटे बाद यात्री ने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी । लैंडिंग के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। इस घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
Leave A Reply

Your email address will not be published.