दोस्त की जिस चाकू से केक काटा, उसी से कर दी हत्या, जाने क्या है पुरा मामला  

मुंबई में 4 लड़कों ने अपने दोस्त के 18वें बर्थडे पर उसकी हत्या कर दी। इनके बीच 10 हजार रुपए का विवाद चल रहा था। घटना 31 मई की है। गिरफ्तार किए गए 4 आरोपियों में 2 नाबालिग भी हैं।

हत्या के वक्त आरोपियों ने दोस्त को केक खिलाया और उसी चाकू से मारा, जिससे केक काटा गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कहा था- इसे अंतिम पिक्चर का सीन दिखा।

दो आरोपियों की उम्र 19 और 22 साल है और वो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें गुजरात से गिरफ्तार किया गया। 2 नाबालिगों ने घटना के बाद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। उन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है।

मृतक ने बर्थडे के लिए पैसे जोड़े थे, दोस्तों के खाने का बिल चुका दिया फिर शुरू हुआ विवाद…

शिवाजी नगर थाने के सब इंस्पेक्टर अर्जुन राजने ने इस मर्डर केस की पूरी कहानी बताई। उन्होंने कहा, “जिस लड़के की हत्या हुई, उसका नाम साबिर अंसारी था। मर्डर से एक हफ्ता पहले साबिर और उसके 3 दोस्त मुंब्रा इलाके में एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। खाने का बिल 10 हजार रुपए हुआ था।

दोस्तों ने यह बिल साबिर से चुकाने को कहा। इस पर साबिर ने कहा कि मैंने यह रुपए अपनी बर्थडे पार्टी के लिए जमा किए हैं। साबिर बर्थडे पर डीजे और केक का इंतजाम करना चाहता था। साबिर से दोस्तों ने कहा कि वह अपने हिस्से का बिल बर्थडे के दिन तक चुका देंगे। इसके बाद साबिर ने पूरा बिल भर दिया था।

जब साबिर को बर्थडे पर पैसे नहीं मिले तो वह अपने दोस्तों के पास गया। उसने पैसे मांगे और दोस्तों के साथ उसका झगड़ा भी हुआ। साबिर ने घर लौटकर अपने पिता को बताया कि उसे दोस्तों ने धमकाया था।

बाद में साबिर के दोस्तों ने पैसे इकट्ठा किए और उसके बर्थडे पर शिवाजी नगर में पार्टी ऑर्गनाइज की। रात करीब 11:30 बजे 4 दोस्त वहां आए और साबिर से पूछा कि तुमने हमें गालियां क्यों दी थीं। इसके बाद उन्होंने साबिर को मारना शुरू कर दिया।

एक आरोपी ने साबिर को पकड़ा और कहा- इसको अंतिम पिक्चर का सीन दिखा। एक आरोपी बर्थडे केक में से चाकू निकाला और साबिर पर कई बार हमला किया। इसके बाद सभी वहां से फरार हो गए।

पार्टी में मौजूद कुछ लोग साबिर को लेकर अस्पताल गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।”

सलमान और आयुष की मूवी अंतिम में था मर्डर सीन

2021 में सलमान खान और आयुष शर्मा की मूवी अंतिम रिलीज हुई थी। इसमें आयुष शर्मा ने एक गैंगस्टर का रोल निभाया है। फिल्म के एक सीन में आयुष ने एक दूसरे गैंगस्टर की बर्थडे पार्टी के दौरान केक काटने वाले चाकू से हत्या की थी। इससे पहले आयुष ने उस गैंगस्टर को केक भी खिलाया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.