11 दिन बाद यूपी में मानसून की एंट्री, 48 घंटे में प्रदेश के 35 जिलों में गर्मी से होगी राहत, 44°C के साथ प्रयागराज सबसे गर्म

 

यूपी में 11 दिन बाद यानी 20 जून तक मानसून की एंट्री हो सकती है। गुरुवार को 8 दिन लेट मानसून केरल पहुंच गया है। मानसून की एंट्री का असर यूपी के मौसम पर भी पड़ना शुरू हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 48 घंटे में प्रदेश के 35 जिलों में गर्मी से राहत मिल सकती है। इन शहरों में तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है।

आज यानी 9 जून के लिए मौसम विभाग ने 19 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को 44.1°C के साथ प्रयागराज सबसे गर्म रहा।

लखनऊ मौसम विभाग के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने कहा,”वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से नम हवाएं यूपी आने लगी हैं। यही हवाएं यूपी में प्री-मानसून की बारिश कहलाती हैं। 20 मई तक जो बारिश होगी। वह प्री-मानसून का असर होगा। जून से 30 सितंबर तक होने वाली बारिश मानसून की बारिश होगी।”

 

इन 19 शहरों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।

 

48 घंटे में इन 35 शहरों में हल्की हवा, बारिश का अलर्ट
अगले 48 घंटे में बागपत, बरेली, बदायूं, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, अमरोहा, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मेरठ, हापुड़, सहारनपुर, अलीगढ़, हाथरस, मुजफ्फरनगर, रामपुर, शाहजहांपुर, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, शामली, बिजनौर, नजीबाबाद , फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, कन्नौज, चित्रकूट, कानपुर देहात, ​​​​प्रयागराज, वाराणसी में अलर्ट जारी किया है।

 

यूपी में 98% बारिश का अनुमान
राहत की बात यह है कि यूपी में भले ही मानसून लेट आएगा। लेकिन, बरसने में कोताही नहीं करेगा। अनुमान है कि यूपी में इस बार 98% औसत बारिश होगी। पूर्वी हिस्से में इस बार सामान्य से ज्यादा यानी 106% बारिश का अनुमान है। फिलहाल, मानसून से पहले मई महीने में यूपी में सामान्य 31.8 मिमी की जगह 72.6 मिमी यानी 128% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।

वाराणसी में आज कड़ी धूप निकली है। सुबह 7 बजे तक तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। हवा 6 KM प्रति घंटे की स्पीड से बह रही है। हवा में नमी 51% है। इस वजह से उमस भी है। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी में शुक्रवार के बाद रविवार को भी हीटवेव का असर रहेगा। हालांकि, शनिवार को बारिश का अनुमान है।

 

मेरठ में भी गर्मी से लोग बेहाल
मेरठ में शुक्रवार सुबह कड़ी धूप निकली है। पारा 32 डिग्री दर्ज किया गया है। सुबह 7 बजे से धूप के कारण लोग परेशान है। अभी बरसात की संभावना भी नजर नहीं आ रही है। दिन का पारा 35 डिग्री तक जाने की संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई जा रही है।

बरेली में शुक्रवार सुबह तेज धूप खिली है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह बरेली और आसपास के जिलों में गर्म हवाएं चलेंगी। आज हवा की स्पीड 16 किलोमीटर प्रति घंटा से चलेगी। इससे पहले गुरुवार को भी भीषण गर्मी का लोगों को सामना करना पड़ा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.