लंदन में हैदराबाद की एक छात्रा की उसके फ्लैटमेट ने चाकू मारकर हत्या

 

लंदन में हैदराबाद की एक छात्रा की उसके फ्लैटमेट ने चाकू मारकर हत्या कर दी। 27 साल की कोंथम तेजस्विनी रेड्डी लंदन के वेम्बली में अपने दोस्तों के साथ रहती थीं। 6 दिन पहले ब्राजील का एक शख्स उनके फ्लैट में रहने के लिए आया था।

आरोप है कि उसी शख्स ने मंगलवार सुबह तेजस्विनी का मर्डर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तेजस्विनी पिछले साल मार्च में मास्टर्स की पढ़ाई करने के लिए लंदन गई थीं।

एक और लड़की पर हमला किया
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि तेजस्विनी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने तेजस्विनी के अलावा अखिला नाम की लड़की पर भी हमला किया। अखिला का इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। दोनों पर हमला करने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने दो को मौके से और तीसरे को सोशल मीडिया की मदद से अरेस्ट किया, एक को छोड़ा
पुलिस ने इस मामले में मौके से 24 साल के लड़के और 23 साल की लड़की को गिरफ्तार किया। बाद में लड़की को छोड़ दिया। लड़का अभी भी पुलिस की गिरफ्त में है। घटना के बाद पुलिस को एक और संदिग्ध की तलाश थी। पुलिस ने केवेन एंटोनियो लौरेंको नाम के शख्स की फोटो सोशल मीडिया पर डालकर लोगों से उसके बारे में जानकारी देने के लिए कहा था। मंगलवार शाम 6 बजे उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले की जांच में जुटी डिटेक्टिव्स की टीम
डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर लिंडा ब्रेडली ने कहा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। संदिग्ध के बारे में जानकारी देने के लिए मैं लोगों का धन्यवाद करता हूं। वह फिलहाल हमारी कस्टडी में है। हम मामले की गंभीरता को समझते हैं। मैं लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि मामले की जांच के लिए डिटेक्टिव्स की डेडिकेटेड टीम लगाई गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.