लखनऊ में वकील के घर मिली नौकर की लाश गला दबाकर हत्या करने की आशंका, फरार बेटे को ढूंढ रही पुलिस

 

लखनऊ के हजरतगंज में लीला सिनेमा के पास वकील के मकान में रहने वाले विनोद कश्यप की हत्या कर दी गई। बुधवार को उनका शव घर में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने के बारे में डॉक्टरों ने कहा है। घटना के बाद से ही विनोद का बेटा गायब है। ऐसे में पुलिस को शक है कि पिता की हत्या कर बेटा फरार हो गया।

लीला सिनेमा के पास हाईकोर्ट वकील का मकान है। इसमें विनोद कश्यप (60) सर्वेंट क्वार्टर में पत्नी और बेटे सोनू के साथ रहते थे। एसीपी अरविंद कुमार वर्मा के अनुसार वकील का परिवार छुट्टी मनाने के लिए उत्तराखंड गया हुआ है। जिनके साथ विनोद की पत्नी भी गई हैं।

बुधवार रात सोनू ने मां को फोन करके पिता की मौत होने की सूचना दी। वो ठीक से ये नहीं बता सका कि मौत कैसे हो गई। सोनू की मां ने वकील को पूरी बात बताई। वकील को शक हुआ। उन्होंने हजरतगंज पुलिस को फोन कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली से टीम मौके पर पहुंच गई।

यहां सर्वेंट क्वार्टर में विनोद कश्यप का शव पड़ा मिला। एसीपी ने बताया कि सोनू घर पर नहीं था। पूछताछ करने पर पता चला कि वह काफी देर से गायब है। विनोद के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में पुलिस का शक सोनू पर गहरा गया। अंदेशा है कि गला दबा कर पिता की हत्या करने के बाद वह फरार हो गया। एसीपी ने बताया कि अधिवक्ता के साथ विनोद की पत्नी लखनऊ वापस लौट रही हैं। उनकी तरफ से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.