यूपी में 18 घंटे का दावा, आठ से 10 घंटे भी नहीं मिल पा रही बिजली, शहर से गांव तक त्राहिमाम

 

 

यूपी में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। शहर से लेकर गांव तक बिजली के लिए त्राहिमाम मचा है। कहीं पानी का संकट है तो कहीं आटा चक्की से लेकर अन्य लघु उद्योग ठप हो गए हैं। ग्रामीण इलाके में जहां 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, वहां बमुश्किल आठ से 10 घंटे बिजली मिल रही है।

अवध के अधिकतर जिलों में बिजली आपूर्ति को लेकर हाहाकार मचा है। ओवर लोडिंग से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। उपभोक्ताओं को बार- बार ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सुल्तानपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में छह से आठ व शहरी क्षेत्र में 15 से 20 घंटे आपूर्ति मिल पा रही है। शनिवार की रात केएनआई उपकेंद्र बंद हो गया। शहर के शास्त्रीनगर व नवीपुर की आपूर्ति बंद रही।

अमेठी जिला मुख्यालय पर 15 से 18 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। अधीक्षण अभियंता राम प्रीत ने बताया कि ब्रेक डाउन की वजह से समस्या होती है। बहराइच के ग्रामीण इलाके में चार से 12 घंटे की आपूर्ति मिल रही है। अधीक्षण अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि बिजली की मांग बढ़ी है, जिसके चलते ट्रिपिंग की समस्या हो रही है।

बाराबंकी में शनिवार की शाम से रविवार की शाम 5:00 बजे तक 500 से अधिक गांवों में 6 से 8 घंटे ही बिजली मिली। शहर में इस 24 घंटे के दौरान करीब 18 बार बिजली गई। 3 से 4 घंटे की कटौती हुई। सीतापुर मे अघोषित कटौती, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से आम जनमानस परेशान रहे। यहां शहरी इलाके में 14 तो ग्रामीण इलाके में 10 घंटे बिजली मिल रही है। रायबरेली में जिले में अधाधुंध बिजली कटौती से शेड्यूल धड़ाम हो गया है। अंबेडकरनगर में 10 से 11 घंटे की बिजली मिल पा रही है। अधीक्षण अभियंता अंबा प्रसाद वशिष्ठ कहना है कि रोस्टर का पालन कराने पर जोर दिया जा रहा है।

गोरखपुर मंडल के सभी जिलों में औसत बिजली आपूर्ति 18.19 घंटे चल रही है। इसमें गोरखपुर में 20.29 घंटे, महाराजगंज में 17.48 घंटे, देवरिया में 17.32 घंटे और कुशीनगर में 17.28 घंटे आपूर्ति दी जा रही है। मुख्य अभियंता आशु कालिया के मुताबिक ओवरलोड और फाल्ट से कहीं आपूर्ति की दिक्कत रही है तो इसे प्राथमिकता से सही करवाया जा रहा है। सूरजकुंड में भूमिगत केबल फाल्ट से 16 घंटे आपूर्ति बंद थी। ओवरलोड की समस्या को सही करने के लिए दो बिजली उपकेंद्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसी तरह प्रयागराज क्षेत्र में शहर में 17-18 घंटे,

तहसील और नगर पंचायत में 13-14 घंटे
ग्रामीण क्षेत्र में 8-9 घंटे बिजली मिल रही है। शहर में अघोषित बिजली कटौती के साथ ही ट्रिपिंग की समस्या लगातार बनी हुई है। भीषण गर्मी में लगभग छह सौ मेगावाट की मांग है, जबकि करीब 450 मेगावाट बिजली आपूर्ति हो रही है। मुख्य अभियंता विनोद गंगवार का कहना है कि फाल्ट और ओवरलोडिंग के कारण बिजली की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

सीएम की फटकार के बाद अयोध्या में दिखा असर
अयोध्या में मुख्यमंत्री के आदेश के बाद अधिकारियों ने व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया। शहर की बिजली आपूर्ति में रविवार को सुधार देखा गया। अयोध्या शहर में 23 घंटे से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 16 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है।
 

कानपुर क्षेत्र में कागज में रोस्टर के अनुसार बिजली देने का दावा किय जा रहा है, लेकिन हकीकत में पांच से सात घंटे की कटौती चल रही है। फर्रुखाबाद शहर में 23.30 घंटे, तहसील स्तर पर 20.15 घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में 17.15 घंटे बिजली दी जा रही है। अधीक्षण अभियंता विवेक अस्थाना ने बताया कि जर्जर तार, बंच केबल व ओवरलोडिंग की वजह से फीडरों पर
दिक्कत आ रही है। कानपुर देहात

में ग्रामीण क्षेत्र के कई फीडरों पर तो 10 से 13 घंटे ही बिजली मिल पा रही। अधीक्षण अभियंता एके वर्मा ने बताया कि जर्जर तार, तेज हवा से फाल्ट व ओवरलोडिंग की वजह से ट्रिपिंग बढ़ गई है। इटावा में शहरी क्षेत्र में 20 और ग्रामीण क्षएत्र में 10 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है।

औरैया में 14 घंटे आपूर्ति मिल रही है। औद्योगिक क्षेत्र एनटीपीसी दिबियापुर का फीडर अलग से होने के कारण वहां बिजली पर्याप्त मिल रही है। अधिशासी अभियंता लेखराज ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण लोड बढ़ा हुआ चल रहा है, जिससे ट्रांसफार्मर अधिक लोड के कारण खराब हो रहे हैं, उन्हें बदलवाने में लगभग दो घंटे का समय लग जाता है। कन्नौज में कटौती जारी है।

बमुश्किल 15 घंटे की सप्लाई हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र में लगातार 10 घंटे की सप्लाई नहीं हो पा रही है। उन्नाव में 24 घंटे में मात्र 10-12 घंटे ही आपूर्ति दी जा सकी। अधीक्षण अभियंता विवेक अग्रवाल का कहना है कि लोकल फाल्टों होने की मरम्मत के कारण शटडाउन लेने से निर्धारित घंटों में बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

हरदोई में ग्रामीण इलाके में 018 के स्थान पर 12 से 14 घंटे बिजली मिल रही है। अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार डोलका ने बताया कि शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति हो रही है, लोकल फाल्ट के कारण समस्या आ रहीं हैं। उनको दूर कराया जा रहा है। इसी तरह बुंदेलखंड के बांदा, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट में अधिकांश फीडर हर घंटे में चार-पांच बार ट्रिप हो रहे हैं। ऐसे में कई घंटे बिजली गायब रहती है।

झांसी में बिजली कटौती कम ही की जा रही है। फाल्ट आने पर एक से दो घंटे तक बिजली काटी जा रही है। इसके अलावा बिजली दी जा रही है।अधीक्षण अभियंता विनय कुमार के अनुसार ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे, तहसील क्षेत्र में 22 और जिले में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.