बीजेपी के मंडल उपाध्यक्ष को मारी गोली, भर्ती – पुरानी रंजिश के चलते हमलावरांे ने घटना को दिया अंजाम – एक नामजद सहित चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज – जनप्रतिनिधियों सहित एएसपी ने अस्पताल पहुंच लिया हालचाल

फतेहपुर। धाता कस्बे में शनिवार की रात भंडारे से वापस आ रहे भारतीय जनता पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष पर घात लगाये बैठे हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिससे बीजेपी नेता के कान व कंधे में गोली लग जाने से घायल हो गये। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर जनप्रतिनिधियों सहित अपर पुलिस अधीक्षक ने जिला अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लिया। तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित चार अज्ञात हमलावरों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। एएसपी का कहना रहा कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की जायेगी।
जानकारी के अनुसार धाता थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी दयाशंकर द्विवेदी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हैं। शनिवार की रात धाता कस्बा निवासी बीजेपी मंडल अध्यक्ष देवेश त्रिपाठी ने शिवालय मंदिर में भंडारे का आयोजन किया था। निमंत्रण में दयाशंकर द्विवेदी भी आए थे। भंडारे का प्रसाद खाने के बाद दयाशंकर द्विवेदी वापस घर के लिए निकल रहे थे। तभी घात लगाये बैठे हमलावरों ने मंडल उपाध्यक्ष पर ताबड़तोड़ गोली बरसानी शुरू कर दी। फायरिंग में दयाशंकर के कान और कंधे पर गोली लगने से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक गोली की आवाज सुनकर कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई। आनन-फानन घायल दयाशंकर को उपचार के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। जहां भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान, हस्वा ब्लाक प्रमुख विकास पासवान ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना के बाबत जानकारी हासिल करते हुए घायल का हालचाल लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना रहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जायेगी। उधर अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्र ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लिया। उन्होने बताया कि प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश के चलते परिवार के अंकित द्विवेदी द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। बीजेपी नेता की तहरीर पर एक नामजद सहित चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियो की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार करके जेल की सलाखों के पीछे भेजा जायेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.