महेंद्र हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, प्रेमिका समेत पांच गिरफ्तार

 

✍️ मलय पांडेय ✍️

 

मृतक की बाइक, मोबाइल और आलाकत्ल बरामद

फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र में चार दिन पहले हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेमिका समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से आलाकत्ल बरामद किया है। थाना क्षेत्र के ब्योंटी के जंगल से 29 जून को पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया था। पुलिस ने युवक की शिनाख्त महेंद्र सिंह निवासी बुदवन के रुप मे की थी। मृतक के बहनोई रणधीर की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। थाना प्रभारी जय प्रताप शाही ने बताया की महेंद्र की हत्या आशनाई के चलते हुई थी। बताया कि मृतक महेंद्र की प्रेमिका राधिका सिंह की शादी ब्योंटी गांव में हुई थी। 29 जून को महेंद्र उससे मिलने गया था। तभी प्रेमिका राधिका, उसके पति गुड्डू, देवर नरसिंह, जय सिंह, और नितिन सिंह ने महेंद्र की लाठी डंडों से पीट पीट कर हत्या कर दी और शव को जंगल मे छिपा दिया था। पुलिस ने रविवार को ब्योंटी के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से आलाकत्ल, मृतक की बाइक, मोबाइल बरामद किया। आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.