शादी टूटने से नाराज युवक ने लड़की के चेहरे पर फेंका तेजाब, घर में घुसकर किया एसिड अटैक; पढ़े पूरी ख़बर

 

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सोमवार रात शादी टूटने से नाराज युवक ने लड़की पर तेजाब फेंक दिया। वह 6 फीट की दीवार फांदकर लड़की के घर में घुसा। फिर सोते समय लड़की के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर लड़की के घरवाले जग गए।

आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने लड़की की हालत नाजुक देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मगर, पुलिस ने उसे रात में ही गांव के बाहर से पकड़ लिया। मामला हैदरगंज का है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पूराकलंदर इलाके का रहने वाले आरोपी की शादी इसी लड़की से तय हुई थी। लड़के की उम्र 35 साल थी। जबकि लड़की 22 साल की थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के ने उम्र छिपाई। इसी वजह से रिश्ता तोड़ा था। इससे वह नाराज था। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। ​​​​​​

पुलिस को आरोपी ने बताया कि घर की 6 फीट ऊंची दीवार फांदकर वह आंगन में पहुंचा था। उसने बोतल से तेजाब गिलास में निकाल कर लड़की के चेहरे पर डाल दिया। आवाज सुनकर उसके घर वाले जग गए। यह देखकर वह भाग गया।

वहीं, घरवालों ने बताया कि रात के करीब 1 बजे बेटी के चीखने की आवाज पर हम लोग उठे। देखा तो बेटी तड़प रही थी। हम लोगों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी। 6 माह पहले भी आरोपी रात के समय घर मे घुस गया था। उस समय हम लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था।

SSP राज करन नैय्यर ने बताया कि दरवाजे पर फोर्स एंट्री के साइन नहीं मिले हैं। इस मामले में 2 दिन में चार्जशीट दाखिल करने के लिए कहा गया है। साक्ष्य एकत्रित करने के लिए कहा है। इस मामले में फास्ट ट्रैक ट्रायल करवाया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.