उदयपुरवाटी में बारूद फटने से महिला छत तोड़ती हुई 25 फीट दूर पड़ोसी के छत पर जा गिरी, शव के हुए टुकड़े-टुकड़े

 

राजस्थान के झुंझुनूं में एक कमरे में रखा बारूद फटने से महिला छत की पट्टियां तोड़ते हुए 25 फीट दूर दूसरे घर की छत पर जाकर गिरी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। शव क्षत विक्षत हो गया। घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे उदयपुरवाटी में इस्लामिया मदरसा के पास की है। घटना के बाद लोगों ने बताया- धमाका इतना तेज था कि पुरे उदयपुरवाटी में इसकी आवाज सुनाई दी। इससे मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।

जानकारी के अनुसार, मदरसा के नजदीक पटाखा बनाने वाले मुस्लिम शौरगर के घर में हादसा हुआ था। सुबह परिवार के सभी लोग अपने-अपने काम में लगे हुए थे। आफरीन (27) पत्नी जावेद भी अपने कमरे में कुछ कर रही थी। इस दौरान जोरदार विस्फोट हुआ। सूचना मिलने पर एएसआई रामसिंह मय जाब्ते के मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को उदयपुरवाटी सीएचसी स्थित मोर्चरी में रखवाया है। यहां करीब पांच-सात परिवार एक ही मकान में रहते हैं।

मृतका आफरीन का पति जावेद सांप पकड़ने का काम करता है। शादी विवाह के मौके पर रेडीमेड पटाखों की दुकान को चलाकर मजदूरी भी कर लेता है। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अयाज करीब साढ़े तीन साल का है तथा छोटा बेटा अदनान छह माह का है।

जिस घर में बुधवार को हादसा हुआ है। उस घर में करीब 20 साल पहले भी हादसा हुआ था। उस समय विजय दशमी से पहले परिवार को रावण बनाने का ठेका मिला था। रावण बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान विस्फोट से मकान ढह गया। परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई थी।

उदयपुरवाटी एएसआई राम सिंह ने बताया- मुस्लिम मदरसा के नजदीक जावेद के घर में हादसा हुआ है। क्षत-विक्षत शव पड़ोसी के घर की छत पर मिला है। विस्फोटक सामग्री के ब्लास्ट से हादसा होने की सूचना है, लेकिन अभी हादसे के कारण के बारे में कुछ नहीं कह सकते।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.